दिल्ली पुलिस ने एक गिरोह का भांड़ाफोड़ किया है जो दिल्ली में सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके लुटियन जोन में देर रात केवल चोरी करने का काम करता था। चोरों के इस गैंग में पूरे 11 लोग हैं।

पुलिस ने बताया बुधवार को आधी रात में बाराखम्बा थाना क्षेत्र में इंस्पेक्टर बनवारी लाल सिपाही मुकेश के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे।

तभी रात दो बजे उन्होंने बिहार के अररिया सीट से आरजेडी के लोकसभा सांसद की कोठी 18 फिरोजशाह रोड के बाहर झाड़ियों में हलचल देखी।

पुलिस अधिकारी ने आवाज लगाई तो एक युवक भागा। पुलिस को संदेह हुआ तो कांस्टेबल मनोज ने भागकर उसे पकड़ा। युवक ने बताया कि वह केबल चोरी करने आया था और उसके और भी साथी यहां छुपे हैं।

लोगों ने सांसद की कोठी की दीवार के बाहर झाड़ियों में तकरीबन चार गहरे गड्ढे किए थे। गड्ढे तकरीबन चार-चार फुट गहरे थे। यह चोर पुलिस को देखकर गड्ढों में छुपे हुए थे। पुलिस ने एक-एक करके 10 चोरों को गड्ढों से निकाला।

इनमें एक ऑटो चालक को भी गिरफ्तार किया गया जो चोरी की केबल ढोने का काम करता था। यह लोग जमीन में बिछी दूरसंचार MTNL की हैवी केबल चुराते थे। जिसकी एक मीटर की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने इनके पास से केबल काटने के कई तरह के औजार मिले हैं जिसमें ब्लेड, आरी, रस्से, फावड़ा, गैंती और चोरी में शामिल दो ऑटो मिले हैं।

गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों की पहचान मनोज कुमार, अजय कुमार, प्रदीप, सत्य प्रकाश, मंगलू, किशन पाल, अरविंद, आलम मंसूरी, राज कुमार, राहुल कुमार ओर अनिल के रूप में हुई।

ये लोग बदरपुर, सरिता विहार, मदनपुर खादर जैसे साउथ-ईस्ट दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। इनकी उम्र 19 से लेकर 35 साल के बीच है। बाराखंभा रोड थाने में इन सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here