दिल्ली पुलिस को नया पुलिस कमिश्नर मिल गया है। गुरुवार (21 अगस्त) को केंद्र सरकार ने तिहाड़ जेल के महानिदेशक और 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को राष्ट्रीय राजधानी का पुलिस आयुक्त नियुक्त किया। अब वे एसबीके सिंह की जगह लेंगे, जो फिलहाल एडिशनल चार्ज संभाल रहे थे।
यह बदलाव उस वक्त हुआ है जब महज एक दिन पहले यानी बुधवार (20 अगस्त) को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके सरकारी आवास में जनसुनवाई के दौरान हमला हुआ था। सुरक्षा चूक के बीच एक व्यक्ति ने सीएम पर हमला किया जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। आरोपी पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज हुआ है।
कौन हैं सतीश गोलचा?
केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, सतीश गोलचा तत्काल प्रभाव से पुलिस कमिश्नर का पदभार संभालेंगे। वे इससे पहले दिल्ली पुलिस में डीसीपी, ज्वाइंट सीपी और स्पेशल सीपी जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। खास तौर पर, उत्तरी-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर की कमान संभाली थी।
गोलचा इंटेलिजेंस विंग में भी अहम पदों पर रह चुके हैं। इसके अलावा वे अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी भी रहे हैं। अपने लंबे करियर में उन्हें एक सख्त लेकिन व्यवहारिक अफसर के तौर पर पहचाना जाता है।
22 दिनों में दूसरा बदलाव
दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर महज 22 दिनों के भीतर दूसरा बदलाव हुआ है। 31 जुलाई को एसबीके सिंह को एडिशनल चार्ज दिया गया था। 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सिंह होमगार्ड के डीजी भी हैं और अगले छह महीने में रिटायर होने वाले हैं।
सिंह ने संजय अरोड़ा की जगह ली थी, जो तमिलनाडु कैडर के 1988 बैच के अधिकारी थे और 31 जुलाई को रिटायर हुए। अब दिल्ली की जिम्मेदारी सतीश गोलचा को सौंपी गई है।