दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान आज, 7 जनवरी को किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली में चुनाव एक ही चरण में करवाए जाने की संभावना है। चुनाव आयोग की योजना के तहत फरवरी के दूसरे हफ्ते में मतदान कराए जा सकते हैं, और नतीजे 17 फरवरी को घोषित होने की उम्मीद है। आज दोपहर 2 बजे चुनाव आयोग एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगा, जिसमें चुनाव प्रक्रिया और अन्य पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
अंतिम मतदाता सूची जारी
चुनाव आयोग ने 6 जनवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी की। इस सूची में कुल 1 करोड़ 55 लाख 24 हजार 858 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 84 लाख 49 हजार 645 पुरुष मतदाता हैं, जबकि 71 लाख 73 हजार 952 महिला मतदाता शामिल हैं।
चुनाव तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 15 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। पिछली बार 2020 में भी फरवरी माह में चुनाव हुए थे, जिसमें आम आदमी पार्टी ने बड़ी जीत हासिल की थी। जैसे-जैसे कार्यकाल समाप्ति की तारीख नजदीक आ रही है, चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं।
नई दिल्ली सीट से केजरीवाल मैदान में
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस बार भी नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और बीजेपी के प्रवेश वर्मा से है। केजरीवाल ने हमेशा इसी सीट से चुनाव लड़ा है और यहां उनकी स्थिति काफी मजबूत मानी जाती है।
कालकाजी सीट से मुख्यमंत्री आतिशी चुनावी मैदान में
मुख्यमंत्री आतिशी कालकाजी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस की अलका लांबा और बीजेपी के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी से है। नई दिल्ली सीट को वीआईपी सीट माना जाता है, और कांग्रेस व बीजेपी ने यहां अपने प्रमुख उम्मीदवार उतारे हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है।









