Delhi CM Oath Ceremony: रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की ली शपथ, प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा समेत 6 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

0
17

Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में आज ऐतिहासिक राजनीतिक पल देखने को मिला जब रेखा गुप्ता ने दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजधानी के रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपराज्यपाल की मौजूदगी में उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर कई राजनीतिक दिग्गज भी उपस्थित रहे।

दिल्ली में रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री तो वहीं प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, सविंद्र इंद्राज, पंकज सिंह और आशीष सूद ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। नए मंत्रिमंडल के गठन के बाद अब दिल्ली की राजनीति में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन रहा शामिल?

शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के कई वरिष्ठ नेता, केंद्र सरकार के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान पीएम मोदी, समेत भाजपा के कई शीर्ष नेता भी मौजूद थे, जिन्होंने नए मुख्यमंत्री और मंत्रियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर पहुंच गए हैं। उन्होंने हाथ जोड़ कर जनता और बीजेपी नेता-कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। वहीं गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और उप राज्यपाल वीके सक्सेना भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। वहीं 10 वर्षों से दिल्ली में राज करती आआ रही आम आदमी पार्टी का कोई नेता शपथ ग्रहण समारोह में नहीं नजर आया।

सीएम योगी ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनने पर दी बधाई

सीएम योगी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा, “रेखा गुप्ता जी को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हृदयतल से बधाई व शुभकामनाएं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन व आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली डबल इंजन की भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के साथ समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए सुरक्षा, सुव्यवस्था और सुशासन के आदर्श मानक स्थापित करेगी।”

शपथ ग्रहण समारोह पर क्या बोलीं स्वाती मालीवाल?

दिल्ली से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा, “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को में बधाई देना चाहती हूं। दिल्ली के लोगों ने बड़ी उम्मीदों के साथ उन्हें चुना है। मुझे उम्मीद है कि वह उन उम्मीदों पर खरी उतरेंगी।”

नई सरकार के सामने होंगी ये चुनौतियां

रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नई सरकार के सामने कई चुनौतियां होंगी, जिनमें दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण, जल संकट, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार शामिल हैं। इसके अलावा, ट्रैफिक और यमुना की सफाई जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी नई सरकार को ध्यान देना होगा।

दिल्ली की राजनीति में नया अध्याय

रेखा गुप्ता के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही दिल्ली की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि AAP सरकार के मुकाबले उनकी (BJP) सरकार किन नीतियों और फैसलों के साथ राजधानी का प्रशासन संभालती है।