यूपी को योगी सरकार में और उसके सहयोगी दलों के विधायक और मंत्री आजकर एक-दूसरे पर जमकर तू-तू, मैं-मैं और जुबानी जमा खर्च में जुटे हैं। सुहेलदेव पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर समय-समय पर बीजेपी विधायकों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते रहते हैं। जिससे गठबंधन की गांठ पर असर देखा जाता है।

अब, यूपी बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय ने अपने ही सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कैलाशनाथ सोनकर के खिलाफ तल्ख बयान दिया है। वाराणसी में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे यूपी के बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय ने अजगरा के विधायक को चोर बताया है।

दरअसल, महेंद्र नाथ पाण्डेय डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के साथ अजगरा विधानसभा क्षेत्र स्थित एक कॉलेज के कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां शिलान्यास के शिलापट्ट पर भी विधायक का नाम नहीं था। इस बारे में पूछे जाने पर बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि, अजगरा के विधायक कैलाशनाथ सोनकर चोर है, इसलिए उसका नाम शिलापट्ट पर नहीं है और ये बात उन्होंने उप मुख्यमंत्री दिनेश मौर्य को बता भी दिया है।

बीजेपी की सहयोगी सुहेलदेव समाज पार्टी से विधायक कैलाश सोनकर ने यूपी में हुए राज्यसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस समर्थित बीएसपी उम्मीदवार के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। तब, मायावती ने कहा था कि कैलाशनाथ सोनकर ने अंतरात्मा की आवाज पर बीएसपी के उम्मीदवार को वोट दिया, इसके लिए तहेदिल से धन्यवाद. उन्होंने कहा कि अगर सरकार उन्हें परेशान करेगी तो बीएसपी उनका साथ देगी।

आपको बता दें कि, सुहेलदेव पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने हाल ही में बलिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह की तुलना कुत्ते से की थी। जवाब में बलिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने मंत्री ओम प्रकाश राजभर को कुत्ता करार दिया था। उन्होंने कहा था कि, अखिलेश-मायावती ओम प्रकाश राजभर को जहां टुकड़ा फेकेंगे वो वही चले जाएंगे

                                                                                                                    एपीएन ब्यूरो