यूपी के नगर निगम चुनाव में भले ही कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी थी। लेकिन लुधियाना के नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने अपनी जीत का डंका बजा दिया है। 95 वार्ड्स में से कांग्रेस 62 वार्ड्स पर कब्जा करने में कामयाब रही। इस चुनाव में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस ने जहां 62 वार्ड्स में जीत दर्ज की तो वहीं अकाली और बीजेपी ने 21 वार्ड्स जीते। अकाली ने 11 वार्ड्स में जीत हासिल की और बीजेपी ने 10 वार्ड्स में। बता दें कि 500 के आसपास प्रत्याशी मैदान में थे। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 60 फीसदी वोटरों ने मतदान किया था। लुधियाना नगर निगम के तहत करीब 10 लाख 50 हजार वोटर पंजीकृत हैं। इनमें 5 लाख 67 हजार पुरुष, 4 लाख 28 हजार महिलाएं और 23 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मंगलवार को नतीजे सामने आएंगे।
विधानसभा चुनावों में दूसरे नंबर पर रही आम आदमी पार्टी (आप) को महज एक सीट से संतोष करना पड़ा है। वहीं कुल 95 वार्डो में से लोक इंसाफ पार्टी को सात और निर्दलीय प्रत्याशियों को चार सीटों पर कामयाबी मिली है। बता दें कि पंजाब के सबसे बड़े निगम के लिए 24 फरवरी को मतदान हुए थे। मतदान के दौरान कई जगहों पर हिंसा से जुड़ी खबरें भी सामने आई थीं। खबरों के मुताबिक, 24 जनवरी को खबर आई थी कि विभिन्न स्थानों पर विपक्ष और सत्ताधारी नेताओं के बीच संघर्ष हुआ था। अकाली कार्यकर्ताओं ने वार्ड नंबर 75 में फायरिंग की थी। इससे पहले, कांग्रेस प्रत्याशी वर्षा नागपाल और अकाली कैंडिडेट सुखविंदर कौर भिंडा के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे। पंजाब में विपक्ष के नेता और आप विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कांग्रेस पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप भी लगाए थे।
लुधियाना नगर निगम चुनाव में मिली जीत से कांग्रेस कार्यकर्ता बेहद खुश हैं। कार्यकर्ता ढोल पीटकर अपनी जीत का जश्न मना रहे हैं। वॉर्ड नंबर 15 में कांग्रेस की उम्मीदवार कंचन मल्होत्रा ने 940 वोटों से जीत दर्ज की है। वॉर्ड 90 से कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश को महज 100 वोटों से जीत मिली है। वॉर्ड 84 में बीजेपी उम्मीदवार सुरिंदर अटवाल ने जीत दर्ज की है। वॉर्ड 91 से कांग्रेस के उम्मीदवार गुरपिंदर कौर संधू ने शिकस्त देते हुए जीत हासिल की है।