कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम से ठीक पहले मोदी सरकार ने अपने मंत्रीमंडल में बड़ा फेरबदल किया है। मोदी सरकार में सूचना प्रसारण मंत्रालय संभाल रही स्मृति ईरानी से पद छीनकर राज्यवर्धन राठौर को सौप दिया गया है। तो वहीं वित्त मंत्री अरुण जेटली के स्वास्थ्य कारणों के चलते रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। बता दें कि अरुण जेटली विगत एक माह से बीमार चल रहे हैं। सोमवार को AIIMS में उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई। उनके पुन: स्वस्थ होने तक उनका काम पीयूष गोयल संभालेंगे।
कैबिनेट में हुए इस फेरबदल को हैरानी से इसलिए देखा जा रहा हैं क्योंकि यह दूसरी बार है जब कैबिनेट मिनिस्टर से कोई प्रमुख मंत्रालय वापस लिया गया है। इससे पहले जब स्मृति ईरानी मानव संसाधन विकास मंत्रालय संभाल रही थी, तब उन्हें इस पद से मुक्त करके कपड़ा मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया था और अब उनसे सूचना प्रसारण मंत्रालय वापस ले लिया गया है। अब वह कपड़ा मंत्रालय का प्रभार संभालेंगी। सूत्रों के मुताबिक, स्मृति ईरानी के गलत फैसलों के चलते उनसे यह पद छीना गया है। उनका कार्यकाल शुरू से ही विवादों से घिरा हुआ है।
राज्यवर्धन राठौर जिसे अब सूचना प्रसारण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई हैं, वह अभी तक सूचना प्रसारण राज्य मंत्री थे। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य मंत्री राठौड़ को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। बता दें नये सूचना मंत्री राठौड़ ने 1990 के दशक के मध्य में शूटिंग रेंज में कदम रखा था, इसके बाद वह ओलंपिक खेलों में भारत के पहले व्यक्तिगत रजत पदकधारी बने थे। 2004 एथेंस ओलंपिक में पुरूषों की डबल ट्रैप स्पर्धा में वह दूसरे स्थान पर रहे थे।
मंत्रिमंडल विस्तार में केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया को पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय से मुक्त कर दिया गया है। अब वह इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालेंगे। अभी तक यह मंत्रालय अल्फ़ोंस कन्ननधनम के पास था। अल्फोंस अब केवल पर्यटन मंत्रालय का ही काम देखेंगे।