भारत में स्वाइन फ्लू का प्रकोप दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। हाल ये है कि आम आदमी तो दूर विधायक,सांसद,कलाकार आदि बड़े लोग भी इससे नहीं बच पा रहे हैं। अब राजस्थान में एक विधायक की स्वाइन फ्लू से मृत्यु हो गई। जी हां, भीलवाड़ा के मांडलगढ़ से बीजेपी विधायक कीर्ति कुमारी की सोमवार को स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। भाजपा विधायक कीर्ति कुमारी का जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में उपचार किया जा रहा था किंतु डॉक्टर उनको बचाने में नाकाम रहे। कीर्ति कुमारी ने हाल ही में अपना 50 वर्ष पूरा किया था। मांडलगढ़ के बिजौलिया पूर्व राजघराने की पूर्व राजकुमारी कीर्ति सिंह पहली बार बीजेपी की विधायक बनी थीं। इससे पहले के चुनावों में उनको सफलता नहीं मिल पाई थी।

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कीर्ति कुमारी पर शोक प्रकट करते हुए कहा है कि कीर्ति कुमारी जी के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त करती हूं। उनका निधन मेरे और समस्त भाजपा परिवार के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

वहीं भाजपा प्रवक्ता ने बताया है कि सोमवार की सुबह ही कीर्ति कुमारी जी का निधन हुआ है। कीर्ति कुमारी का अन्तिम संस्कार सोमवार भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया में किया जाएगा। उनके देहांत की खबर सुनकर अस्पताल और उनके निवास स्थान पर बीजेपी के कई विधायक,सांसद आदि अन्य सदस्य पहुंचे। सब ने उनके मृत्यु पर दुख जताया।

कीर्ति कुमारी 2013 के चुनाव में कांग्रेस के विवेक धाकड़ को बड़े मार्जिन से हराकर विधानसभा पहुंची थी। कीर्ति कुमारी ने जिला परिषद के मेंबर से राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी। बता दें कि विधायक के मौत के बाद सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। राजस्थान में स्वाइन फ्लू का डर और ज्यादा बढ़ गया है। प्रश्न उठना लाजिमी है कि आखिर सरकार स्वाइन फ्लू जैसे घातक बीमारी के रोकथाम के लिए क्या कर रही है।