मंगलवार को झारखंड पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता स्वामी अग्निवेश की कथित तौर पर हुई पिटाई के बाद झारखंड सरकार के बीजेपी मंत्री सीपी सिंह ने इस घटना की निंदा करने के बजाय स्वामी अग्निवेश को ही फ्रॉड बता दिया। सीपी सिंह ने इस घटना को उनकी ही एक योजना बताया है। उन्होंने कहा है कि लोकप्रियता हासिल करने के लिए स्वामी अग्निवेश ने खुद ही इस हमले की योजना बनाई थी। वो एक फ्रॉड है, कोई स्वामी नहीं है।
उन्होंने कहा ‘जहां तक मैं जानता हूं, स्वामी अग्निवेश विदेशी चंदे पर जीने वाला व्यक्ति है। वह सीधे-सादे लोगों को धोखा देने के लिए भगवा कपड़े पहनता है’।
वहीं, अग्निवेश ने भी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा ‘गिरफ्तार किए गए लोगों को कुछ ही घंटों में छोड़ दिया गया, यह एक नाटक है। डीआईजी द्वारा दिया गया आदेश भी नकली लगता है। मैं रांची हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त या मौजूदा न्यायाधीश द्वारा जांच की मांग करता हूं। यह हत्या का प्रयास था, मेरी हत्या की जा सकती थी। यह पहले से ही योजनाबद्ध था’।
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गृह सचिव को पाकुड़ में स्वामी अग्निवेश के साथ हुई मारपीट की जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, संथालपरगना के आयुक्त और डीआईजी मामले की जांच करेंगे। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमें इस घटना की अभी तक आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली है।
आपको बता दें, स्वामी अग्निवेश मंगलवार को झारखंड के पाकुड़ में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले थे। इससे पहले उनके होटेल के बाहर ही कुछ लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। यही नहीं उनके कपड़े तक फाड़ दिए। उन्होंने अग्निवेश पर हिंदुओं के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया है। वहीं स्वामी अग्निवेश ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा और एबीवीपी के सदस्यों ने उन पर हमला किया है।