कर्नाटक के लोकायुक्त जस्टिस विश्वनाथ शेट्टी पर बुधवार (7 मार्च) को चाकू से हमला कर दिया गया। बेंगलुरू में हुई इस घटना के बाद प्रशासन में अफरातफरी मच गई। शख्स ने वकील का भेष धारण कर ऑफिस में घुसा और फिर चाकू से हमलाकर भागने लगा। हालांकि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। हमलावर ने जस्टिस शेट्टी पर चाकू से कई वार किए। उन्हें तुरंत माल्या अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत अभी खतरे से बाहर बताई जा रही है। आरोपी अपना नाम तेजस शर्मा बता रहा है। वह लोकायुक्त के यहां अपने आप को वकील बता कर घुसा था, जबकि असल में वह बस कंडक्टर है। आरोपी ने जब लोकायुक्त पर चाकू से हमला किया, तो यह घटना सिक्योरिटी कैमरों में कैद हो गई।
शेट्टी कर्नाटक हाईकोर्ट से सेवानिवृत्त जज हैं। बीते साल जनवरी में उन्होंने लोकायुक्त का पदभार संभाला था। 74 वर्षीय शेट्टी फिलहाल बेंगलुरू के मल्लया अस्पताल में भर्ती हैं। विधानसौध पुलिस ने शर्मा को घटना को अंजाम देने के बाद मौके से गिरफ्तार किया था और उससे हमले के पीछे मकसद को लेकर पूछताछ की। खबरों के मुताबिक, हमलावर वकील का भेष धारण कर सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए लोकायुक्त के केबिन में घुसा और चाकू से 3 वार किए। विश्वनाथ शेट्टी घायल होकर जमीन पर गिर गए।
इस घटना के बाद लोकायुक्त से मिलने राज्य के मुख्यमंत्री समेत कई राजनेता और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी तेजस लोकायुक्त ऑफिस के बाहर शिकायतकर्ताओं के साथ खड़ा था। वह लोकायुक्त से मिलने के लिए आया था। इस वारदात के बाद पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि आखिर उसने लोकायुक्त पर हमला क्यों किया। पुलिस ये भी पता लगाने में जुटी है कि इसके पीछ कोई साजिश तो नहीं।