Assembly Elections 2026 Voting Live: देश के तीन राज्यों—असम, केरल और पुडुचेरी—में विधानसभा चुनाव 2026 के तहत मतदान अब संपन्न हो चुके हैं। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया और कुल 296 सीटों पर बंपर मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के अनुसार शाम 5 बजे तक असम में 84.4%, केरल में 75% और पुडुचेरी में 86.9% मतदान हुआ।
मतदान शुरू होने से पहले सुबह 6 से 7 बजे के बीच सभी केंद्रों पर मॉक पोलिंग कराई गई थी, ताकि ईवीएम की कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जा सके। वहीं अधिकांश मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे तक वोटिंग प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी हो गई।
Assembly Elections 2026 Voting Live: EVM में कैद हुई उम्मीदवारों की किस्मत
असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के साथ-साथ अन्य राज्यों की कुछ सीटों पर हुए उपचुनाव का मतदान समाप्त हो गया है। मतदान खत्म होते ही अधिकारियों ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को नियमानुसार सील कर सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया, जहां अब नतीजों के दिन (4 मई 2026) तक उम्मीदवारों की किस्मत बंद रहेगी।
Assembly Elections 2026 Voting Live: असम में 84.4%, केरलम में 75% और पुडुचेरी में 86.9% रिकॉर्ड मतदान
तीनों राज्यों के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान देखने को मिला है, जो 2021 के मुकाबले काफी अधिक है। असम में इस बार 84.42% वोटिंग दर्ज की गई, जबकि 2021 में यह आंकड़ा लगभग 82.04% था। केरल में भी मतदान बढ़कर 75.01% पहुंच गया, जो पिछली बार के 69.8% से ज्यादा है। वहीं पुडुचेरी में सबसे अधिक 86.92% मतदान हुआ, जो 2021 के 77.9% के मुकाबले उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है। बताते चलें कि चुनाव आयोग के अनुसार, असम के 2021 के आंकड़े सभी चरणों के औसत पर आधारित हैं।
Assembly Elections 2026 Voting Live: पुडुचेरी में मतदान के दौरान झड़प
पुडुचेरी के मन्नादिपेट विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान एक पोलिंग बूथ पर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। जानकारी के मुताबिक तिरुकानूर गांव में बूथ के पास बीजेपी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई, यह कहते हुए कि वहां केवल मतदाताओं को ही रहने की अनुमति है।
इस मुद्दे पर शुरू हुई बहस जल्द ही तीखी झड़प में बदल गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
Assembly Elections 2026 Voting Live: उपचुनाव में मतदान का हाल
दोपहर 3 बजे तक विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग की बात करें तो नागालैंड सबसे आगे नजर आ रहा है, राज्य की कोरीडांग सीट पर सबसे ज्यादा 75.06% वोटिंग हुई है। कर्नाटक की दावणगेरे दक्षिण सीट पर 49.66.17% और बागलकोट में 54.82% मतदान दर्ज किया गया है। जबकि त्रिपुरा के धर्मनगर में 70.09% मतदान हुआ है।
Assembly Elections 2026 Voting Live: मतदान के टूटे रिकॉर्ड
तीनों राज्यों में इस बार विधानसभा चुनाव के दौरान जबरदस्त मतदान देखने को मिल रहा है। असम, केरल और पुडुचेरी—तीनों ही राज्यों में 2021 के मुकाबले वोटिंग प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक असम में सबसे अधिक 75.9% मतदान हुआ, जो 2021 के औसत 64.5% से काफी ज्यादा है। पुडुचेरी में भी वोटिंग 72.4% तक पहुंच गई है, जो पिछले चुनाव के 66.6% से अधिक है। वहीं केरल में भी मतदाता उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं, जहां दोपहर 3 बजे तक 62.7% वोटिंग दर्ज की गई, जबकि 2021 में यह आंकड़ा 58.5% था।
Assembly Bypolls 2026 Voting Live: उपचुनाव में कितना मतदान
दोपहर 1 बजे तक विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग की बात करें तो नागालैंड सबसे आगे नजर आ रहा है, राज्य की कोरीडांग सीट पर सबसे ज्यादा 59.52% वोटिंग हुई है। कर्नाटक की दावणगेरे दक्षिण सीट पर 37.17% और बागलकोट में 43.75% मतदान दर्ज किया गया है। जबकि त्रिपुरा के धर्मनगर में 52.76% मतदान हुआ है।
Assembly Elections 2026 Voting Live: दोपहर 1 बजे तक मतदान का हाल
दोपहर 1 बजे तक के डाटा के मुताबिक, मतदान प्रतिशत में असम सबसे आगे, पुडुचेरी दूसरे और केरल तीसरे स्थान पर है.
असम – 59.63%
पुडुचेरी – 56.83%
केरल – 49.70%
Assembly Elections 2026 Voting Live: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डाला वोट
असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत मुख्यमंत्री और जलुकबाड़ी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने जलुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन नंबर 15 पर पहुंचकर वोट डाला।
Assembly Elections 2026 Voting Live: सुबह 11 बजे तक करीब 39% वोटिंग के साथ केरल सबसे आगे
सुबह 11 बजे तक असम में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया है। असम में 38.9% वोटिंग हुई, जबकि पुडुचेरी में 37.1% और केरल में 33.3% मतदान हुआ है, जिससे असम बाकी दोनों राज्यों से आगे नजर आ रहा है।
Assembly Elections 2026 Voting Live: केरल में वोट डालने के बाद क्या बोले शशि थरूर?
तिरुवनंतपुरम, केरल में मतदान करने के बाद विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि राज्य में भाजपा का कोई खास प्रभाव नहीं है, क्योंकि उसके पास विधानसभा में एक भी सीट नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केरल में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ एलडीएफ और चुनौती पेश कर रहे यूडीएफ के बीच है।
Assembly Elections 2026 Voting Live: तीनों राज्यों में कड़ी चुनावी टक्कर
असम की 126 सीटों पर 41 राजनीतिक दलों के 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश कर रही है।
वहीं केरल में 2.71 करोड़ मतदाता 890 उम्मीदवारों में से अपना प्रतिनिधि चुन रहे हैं। खास बात यह है कि पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) 70 वर्षों में पहली बार किसी मुख्यमंत्री के तौर पर हैट्रिक की कोशिश कर रहे हैं।
पुदुचेरी में भी मुकाबला दिलचस्प है, जहां 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी पांचवीं बार सत्ता में वापसी का प्रयास कर रहे हैं।
Assembly Elections 2026 Voting Live: दिग्गजों ने किया मतदान, मतदाताओं में उत्साह
केरल में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन सहित कई प्रमुख नेताओं ने मतदान किया। इसके अलावा, मोहनलाल (Mohanlal) जैसे प्रसिद्ध अभिनेता भी वोट डालने पहुंचे, जिससे आम मतदाताओं में उत्साह और बढ़ा।
वहीं, पुदुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगास्वामी अलग अंदाजमें बाइक पर सवारी करते हुए पोलिंग बूथ पहुंचे और अपना वोट डाला।
Assembly Elections 2026 Voting Live: इन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान
इन विधानसभा उपचुनावों के तहत भी कई राज्यों में मतदान जारी है। कर्नाटक की दो सीटों—बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण—के साथ ही नगालैंड की 28-कोरिडांग (एसटी) और त्रिपुरा की धर्मनगर विधानसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं।
PM मोदी की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोशल मीडिया के माध्यम से असम के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं से लोकतंत्र के इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया।
पहली बार वोट डाल रहे लाखों मतदाता
तीनों राज्यों में इस बार करीब 10 लाख से अधिक नए मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, यह आंकड़ा लोकतंत्र के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है।









