बिहार के बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में आज आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव कोर्ट में हाजिर हुए। लालू यादव की यह पेशी देवघर कोषागार से 97 लाख रुपये निकालने के मामले में हुई है। इस दौरान कोर्ट के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं का भी जमावड़ा लगा रहा। इससे पहले चारा घोटाले के कांड संख्या आरसी 64 ए/96 मामले में सीबीआई के विशेष जज शिवपाल सिंह ने लालू प्रसाद समेत अन्य अभियुक्तों को हाजिर होने का निर्देश दिया था। गौरतलब है कि इसी मामले में आरजेडी अध्यक्ष सहित 34 आरोपियों पर ट्रायल चल रहा है। इन आरोपियों पर डोरंडा कोषागार से 184 करोड़ रुपए व देवघर कोषागार से 3.90 करोड़ रुपए अवैध रुप से निकालने का आरोप लगा है।
लालू की आज कोर्ट में पेशी से पहले रांची के डोरंडा कोषागार और दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े मामले में कल जगन्नाथ मिश्रा की पेशी हुई थी। पेशी के बाद कोर्ट ने एक-एक लाख के दो मुचलके पर जगन्नाथ मिश्रा को जमानत दे दी थी। लालू यादव कोर्ट में पेशी के लिए कल ही रांची रवाना हो गए थे और आज सुबह वो कोर्ट में पेश हुए।
कोर्ट पहुंचने के उपरांत मीडिया से रू-ब-रू हो लालू यादव ने पीएम पर तंज कसते हुए कहा,’किसान मर रहे हैं कृषि मंत्री योग कर रहे हैं, नवम्बर माह के दौरान मैं रांची में एक बड़ी रैली करुंगा।’ इसी बीच उन्होंने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को जॉबलेस बताते हुए कहा,’सुशील मोदी के पास अब कोई काम धाम करने को नहीं रह गया है तो वह फिजूल की बातें करते रहते हैं। मेरी बेटी मीसा भारती और दमाद शैलेश को आयकर विभाग की ओर से कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है।’
बता दें कि गुरुवार को आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद आरजेडी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इनमें प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से आरजेडी अध्यक्ष सीधे सर्किट हाउस गए, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया।