आखिरकार 2017 का भी सफरनामा खत्म हुआ। इस सफर में दुनियाभर में कई ऐसी घटनाएं घटी जो दुनिया को मिटा भी सकती थीं और दुनिया को सुधार भी सकती थीं। लेकिन शुक्र है कि हालात स्थिर हैं और ये सिलसिला आगे भी चलता रहेगा। दुनिया में मचे इस उथल-पुथल में ऐसी कई घटनाएं घटी जिसने दुनियाभर में काफी सुर्खिया बटोरीं। एक तरफ जहां रोहिग्यां मुसलमानों के दुख और पीड़ा से पूरा अंतरराष्ट्रीय मंच सहम सा गया तो वहीं किम जोंग उन और ट्रंप के लगातार आ रहे बयानबाजी से पूरी दुनिया में हाहाकार मचा। उधर मिस वर्ल्ड की प्रतिस्पर्धा में मातृत्व की महक से पूरी दुनिया सुगंधित हो उठी तो रामसेतु के रहस्य से पर्दा उठने पर राम का नाम पूरी दुनिया ने लिया। खास बात यह रही कि इस वर्ष हमारे देश ने विकासशील से विकसित की ओर अपने कदम तेजी से बढ़ाएं और दुनिया में अपनी पैठ इतनी मजबूत कर दी कि इवांका ट्रंप, बराक ओबामा, शिंजो आबे, बिल गेट्स जैसी महान हस्तियां भारतीयों को सलाम करते नजर आए।
रामसेतु पुल का रहस्य खत्म, नासा का दावा
सबसे पहले हम जिस खबर के बारें मे बात करेगे वो है रामसेतु पुल। आपको बता दें कि हिन्दू के पौराणिक ग्रंथों में इस पुल का जिक्र किया गया है। ये पुल भारत-श्रीलंका को जोड़ता है, लेकिन इस पुल के पीछे कई रहस्य भी छिपे हुए हैं। लेकिन हाल ही में अमेरिका के साइंस चैन के एनसिएंट लैंड ब्रिज नाम के एक प्रोमो में ऐसा दावा किया गया है कि ये पुल मानवनिर्मित है। अमेरिकन भू-वैज्ञानिक ने कहा है कि भारत में रामेश्वर के नजदीक पामबन द्वीप से श्रीलंका के मन्नार द्वीप तक लंबी बनी पत्थरों की यह श्रृंखला मानव निर्मित है।
- चाबहार बंदरगाह खुलने से भारत को मिला फायदा
साल 2017 भारत के लिए कई खुशखबरी लेकर आया। भारत को हर क्षेत्र में कई उपलब्धि इस साल हासिल हुई। इन सभी उपलब्धियों में सबसे अहम है चाबहार बंदरगाह। भारत, ईरान और अफगानिस्तान के बीच चाबहार बंदरगाह इस साल खुल गया। इस रणनीतिक ट्रांजिट रूट के पहले फेज का उद्घाटन ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने किया। इस ऐतिहासिक मौके पर भारत की ओर से कैबिनेट मंत्री पी राधाकृष्णन मौजूद रहे। भारत के लिए कई मायने में चाबहार बंदरगाह महत्वपूर्ण है। इस बंदरगाह के चालू होने से भारत, अफगानिस्तान और ईरान के बीच नए रणनीतिक रूट की शुरुआत होगी। इसलिए चाबहार पोर्ट व्यापार और सामरिक लिहाज से भारत के लिए काफी अहम है। वहीं इससे पाकिस्तान और चीन को एक बड़ा झटका लगा है।
आपको बता दें कि ईरान के 34 करोड डॉलर की इस परियोजना को एक नामी गिरामी कंपनी खतम अल अंबिया ने पूरा किया है। इसमें कई उप ठेकेदार हैं और एक भारतीय सरकारी कंपनी भी है। इसके निर्माण से इस बंदरगाह की क्षमता 25 लाख टन से बढ कर 85 लाख टन सालाना हो गयी है। चाबहार पोर्ट को विकसित करने के लिए 2003 में ईरान के साथ समझौता हुआ और पिछले साल विकास की रफ्तार बढ़ाई गई।
- भारत की मानुषी छिल्लर बनी मिस वर्ल्ड
जब बात भारत की उपलब्धियो की हो रही हैं तो मानुषी छिल्लर को कैसे भूला जा सकता है। हरियाणा की रहने वाले मानुषी छिल्लर ने 17 साल के बाद मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। चीन में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में मानुषी छिल्लर ने मिस मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में कुल 118 हसीनाओं ने हिस्सा लिया, जिसमें मानुषी ने बाज़ी मार ली। आपको बता दें कि 2000 में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड बनी थी।
- फिलीपिंस के मनीला में 31वां आसियान शिखर सम्मेलन का आयोजन
वहीं इस साल 31वां आसियान शिखर सम्मेलन का आयोजन फिलीपिंस के मनीला में आयोजित किया गया था। इसके उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत दुनियाभर के कई नेता मैजूद रहे। वहीं इस सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी ने उम्मीद जताई थी कि मनीला की उनकी इस यात्रा से फिलीपींस के साथ भारत के द्विपक्षीय रिश्तों को भी नया बल मिलेगा। साथ ही आसियान देशों के साथ राजनीतिक सुरक्षा, आर्थिक व सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र में भारत के संबंध मजबूत होंगे।
- भारत को एनएसजी सदस्यता और वासेनर समझौते पर मिला रुस का समर्थन
वहीं इस साल भारत को एनएसजी सदस्यता और वासेनर समझौते पर रुस का समर्थन मिला। रुस ने पाकिस्तान को झटका देते हुए भारत के न्यूक्लियर सप्लायर्स ग्रुप (NSG) की सदस्यता का समर्थन किया। रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने एनएसजी सदस्यता व वासेनर समझौते में भारत के शामिल होने का साथ देते हुए कहा कि एनएसजी के लिए भारत के प्रमाण-पत्र त्रुटिहीन है, जबकि पाकिस्तान के संबंध मे ऐसा नहीं है। रूस के उप विदेश मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि एनएसजी सदस्यता के लिए भारत व पाकिस्तान दोनों के आवेदन आए हुए है। लेकिन भारत व पाकिस्तान के एनएसजी सदस्यता के आए आवेदन पत्रों की तुलना नहीं की जा सकती है।
6.रोहिंग्या मुसलमानों पर भारत ने अपनाया सख्त रुख
रोहिंग्या मुसलमान इस साल भारत ही नहीं बल्कि पूरे वैश्विक राजनीति में एक ज्वलंत मुद्दा बनकर उभरें। दरअसल म्यांमार देश के मुसलमानों का एक समुदाय बहुत बड़ी संख्या में पलायन भारत में आ रहा था और भारत इन अप्रवासियों को विभिन्न कारणों के चलते शरण देने और मदद करने में थोड़ा हिचक रहा था। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर बहस छिड़ गई कि अगर कोई पीड़ित आपके पास शरण और मदद मांगने के लिए आ रहा है तो हम उसकी मदद क्यों नहीं कर रहें है। मोदी सरकार ने साफ कह दिया कि रोहिंग्या मुसलमानों को भारत छोड़ना होगा। इसके बाद सरकार ने कहा कि रोहिंग्या मुसलमानों के पाकिस्तानी आतंकियों से रिश्ते हैं। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 16 पन्नों का हलफनामा भी दाखिल किया गया। जिस पर 3 अक्टूबर को सुनवाई की गई थी। इस मामले पर अभी फैसला आना बाकी है।
7.इस भारतीय ने बनाया अपना खुद का देश, खुद को घोषित किया राजा
अब हम आपको एक ऐसे भारतीय के बारे में बताने जा रहे है जिन्होंने खुद के लिए एक देश ही बना डाला। ये कारनामा इंदौर के रहने वाले सुयश ने कर दिखाया था। सुयश ने सूडान और मिस्त्र के बीच एक ऐसी जगह खोजी है जिस पर किसी भी देश का दावा नहीं था। इस जगह को सुयश ने अपना देश घोषित कर दिया। सुयश ने खुद को इस गैर–दावाग्रस्त इलाके का राजा बताते हुए संयुक्त राष्ट्र से उनके नए देश को मान्यता देने की बात कही। इतना ही नहीं सुयश ने एक वेबसाइट बनाकर लोगों से इस देश की नागरिकता लेने का आवदेन करने को भी कहा। इसके साथ ही सुयश ने 800 वर्ग मील के इस क्षेत्र पर अपना झंडा लगाकर उसे ‘किंगडम ऑफ दीक्षित‘ और अपने पिता को अपने इस देश का राष्ट्रप्रमुख घोषित कर दिया।
- मूडीज ने बढ़ाई भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग्स
वहीं इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों से देश की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया। हाल ही में अमेरिकी रेटिंग्स एजेंसी मूडीज ने जारी अपनी रेटिंग में यह साफ किया। मूडीज ने भारत की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग्स को एक पायदान ऊपर कर दिया था। 13 साल बाद मूडीज इन्वेस्टर्स सर्विस ने भारत सरकार के स्थानीय और विदेशी मुद्रा जारी करनेवाली रेटिंग्स ‘Baa3’ से बढ़ाकर ‘Baa2’ कर दी और रेटिंग आउटलुक को स्थिर से बढ़ाकर सकारात्मक कर दिया था। वहीं पीएम मोदी ने इस फैसले का स्वागत किया।
- डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप ने किया भारत का दौरा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और सलाहकार इवांका ट्रंप इस साल हैदराबाद स्थित हैदराबाद इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में तीन दिन के वैश्विक उद्यमिता शिखर सम्मेलन (जीईएस) में हिस्सा लेने के लिए भारत आई थी। यहां उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर बात की थी।
- कुलभूषण मामले की कुछ खास बातें
सबसे आखिरी में हम बात करेंगे इंडियन नेवी के पूर्व ऑफिसर कुलभूषण जाधव के बारें में। कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान ने जासूसी के आरोप में फांसी की सजा का फरमान सुनाया था। इसके बाद भारत ने इस पर ऐतराज जताया। जिसके बाद पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित को तलब कर भारत ने कहा है कि कुलभूषण को फांसी की सजा अंतरराष्ट्रीय नियमों का हनन है। विदेश सचिव एस जय शंकर ने कहा है कि सबूतों के अभाव में फांसी दिए जाने को भारत हत्या मानेगा। भारत ने सख्त तेवर दिखाते हुए ऐलान किया है कि वो अभी पाकिस्तानी कैदियों को रिहा नहीं करेगा। वहीं कुलभूषण का मामले नीदरलैंड के द हेग में इंटरनेशनल कोर्ट में जा पहुंचा। जहां इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस ने पाकिस्तान को झटका देते हुए अंतिम फैसला आने तक कुलभूषण जाधव की फांसी पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने कहा कि पाकिस्तान जाधव पर कोई कार्रवाई न करे। कोर्ट ने कहा कि भारत को काउंसलर एक्सेस मिलना चाहिए था। कोर्ट ने यह भी कहा कि जाधव पर पाकिस्तान का दावा मायने नहीं रखता। इससे पहले ICJ ने इस मामले में 15 मई को भारत और पाकिस्तान दोनों की दलीलें सुनी थी।
वहीं इस मामले पर ताजा खबरों की बाते करें, तो पाकिस्तान ने दिल्ली में अपने उच्चायोग को कुलभूषण की पत्नी और उनकी मां को वीजा जारी करने के निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय की ओर से यह आदेश जारी किया गया। पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने जाधव के परिवार को इजाजत दी थी कि वह 25 दिसंबर को इस्लामाबाद में उनसे मुलाकात कर सकता है।