घर में अगर लौकी की सब्जी बने तो ज्यादातर बच्चे खाने से कतराने लगते हैं, और कई बार बड़े भी इसे पसंद नहीं करते। लेकिन लौकी पोषण से भरपूर सब्जी है, जो कई बीमारियों से बचाव में मदद करती है। ऐसे में इसे बच्चों के आहार में शामिल करना जरूरी है। अगर बच्चे लौकी की सब्जी नहीं खाते, तो थोड़ी क्रिएटिविटी से इसे उनके पसंदीदा व्यंजनों में छिपाकर खिलाया जा सकता है। खास बात ये है कि उन्हें पता भी नहीं चलेगा और वे मजे से खा लेंगे। आप लौकी को रोटी, पराठा, पास्ता या अन्य पसंदीदा डिश में मिला सकते हैं। आइए जानते हैं बच्चों को लौकी खिलाने के आसान और मजेदार तरीके।
- आटे में लौकी मिलाएं
सबसे पहले लौकी को 1-2 सीटी में प्रेशर कुकर में उबाल लें। ठंडा होने पर मिक्सी में बारीक पेस्ट बना लें और इसे आटे में मिला दें। लौकी का स्वाद हल्का होता है, इसलिए यह किसी भी डिश में आसानी से घुल-मिल जाती है। इससे बनी रोटी, पनीर पराठा, चीज पराठा या आलू भरे पराठे बच्चे बिना नखरे खा लेंगे।
- पास्ता और मैकरोनी में शामिल करें
बच्चों को पास्ता और मैकरोनी बहुत पसंद होती है। इसमें आप उबली और पिसी हुई लौकी को आसानी से मिला सकते हैं। चाहे व्हाइट सॉस हो या रेड सॉस पास्ता, ग्रेवी में लौकी डालने से स्वाद में कोई बदलाव नहीं होगा और डिश और भी हेल्दी बन जाएगी।
- ग्रेवी वाली सब्जियों में डालें
बच्चों को पसंद आने वाली ग्रेवी वाली डिश जैसे छोले, राजमा या पनीर की सब्जी में लौकी का पेस्ट मिलाया जा सकता है। इससे ग्रेवी गाढ़ी और पौष्टिक हो जाएगी, और स्वाद में भी कोई खास फर्क नहीं आएगा।