फिल्म ‘’दंगल‘ में रेसलर गीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वालीं और ‘सीक्रेट सुपरस्टार‘ गर्ल जायरा वसीम के साथ छेड़छाड़ का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। जायरा टीम के एक मेंबर की तरफ से कहा जा रहा है कि वो उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले अभियुक्त विकास सचदेवा को सजा नहीं देना चाहती, बल्कि उसे अपनी गलती सुधारने का एक और मौका देना चाहती है।
जायरा वसीम की टीम के सदस्य ने एक अंग्रेजी अखबार को इंटरव्यू देते हुए कहा, कि “अभियुक्त को उसके किए के लिए सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा है, सभी उसका नाम जान चुके हैं। कुछ लोगों ने हमसे मुकदमे की स्थिति जानने के लिए संपर्क किया तो जायरा ने कहा कि वो उसे माफ कर सकती है।” इसके साथ ही कहा, “…जो कुछ हुआ उसके लिए जायरा अभियुक्त को सजा नहीं दिलाना चाहती। वो उसे अपनी गलती सुधारने का मौका देना चाहती है।” टीम के सदस्य ने कहा कि घटना के बाद जायरा गहरे सदमे और दुविधा में थी।
आपको बता दें कि जायरा वसीम ने एयर विस्तारा की फ्लाइट में सफर के दौरान 39 वर्षीय कारोबारी विकास सचदेवा पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। दरअसल, दंगल गर्ल जायरा वसीम ने फ्लाइट में शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक वीडियो अपलोड किया था। उनका आरोप था कि विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में उनके ठीक पीछे बैठे शख्स ने उनके साथ छेड़छाड़ की। उनका ये भी आरोप था कि शिकायत के बाद भी फ्लाइट क्रू ने उनकी कोई मदद नहीं की। जायरा दिल्ली से मुंबई जा रही थीं।
सचदेवा के खिलाफ 9 दिसंबर 2017 को पोस्को के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मुंबई की स्थानीय अदालत ने सचदेवा को जमानत दे दी थी। हालांकि विकास सचदेवा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया था। विकास की पत्नी ने तो जायरा के आरोपों को पीआर स्टंट करार दिया था।