Attacks on Bollywood Stars: बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता सैफ अली खान पर हाल ही में जानलेवा हमला हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गुरुवार (16 जनवरी) सुबह 4 बजे मुंबई स्थित उनके घर पर हुई, जब एक अज्ञात लुटेरा उनके घर में घुस आया और धारदार हथियार से हमला किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, सैफ पर छह बार वार किया गया था। फिलहाल, उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी बॉलीवुड सेलिब्रिटी पर इस तरह का हमला हुआ हो। इससे पहले भी कई सितारे ऐसी घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। यहां हम आपको उन सितारों के बारे में बता रहे हैं, जिन्होंने इस प्रकार के खतरनाक अनुभव झेले हैं।
सलमान खान पर फायरिंग
इस लिस्ट में पहला नाम बॉलीवुड के भाईजान, अभिनेता सलमान खान का है। बीते वर्ष सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। खबरों के अनुसार, इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ था।

हमलावरों ने सलमान के घर के बाहर तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग की थी। हालांकि, उस समय सलमान अपने घर में मौजूद नहीं थे। इसके बाद से उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया और उनके घर की बालकनी पर बुलेटप्रूफ ग्लास लगाए गए।
सोनू निगम पर हमला
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम पर भी एक म्यूजिक इवेंट के दौरान हमला हुआ था। इस घटना में सोनू निगम को गंभीर चोटें आई थीं। यहां तक कि उन्हें अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा था।

बताया जाता है कि इवेंट के दौरान कुछ लोगों ने सोनू निगम को धक्का दे दिया, जिससे वह घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक इस हमले में उनके भाई पर भी अटैक हुआ था।
संजय लीला भंसाली
हिंदी सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर संजय लीला भंसाली पर भी साल 2018 में हमला हो चुका है। दरअसल, पद्मावत मूवी की शूटिंग राजस्थान में चल रही थी तभी वहां करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भंसाली पर हमला किया और उन्हें थप्पड़ भी मारे।

आदित्य नारायण पर हमला

इसके अलावा, बॉलीवुड सिंगर और टीवी होस्ट आदित्य नारायण पर भी हमला हो चुका है। यह घटना करीब 2 साल पहले साल 2023 में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान हुई थी। एक व्यक्ति ने आदित्य नारायण को चोट पहुंचाने की कोशिश की थी। हिन्दी सिनेमा के मशहूर गायक उदित नारायण के बेटे आदित्य ने बॉलीवुड फिल्मों में भी गायक के अलावा कुछ फिल्मों में एक्टिंग भी की है। हालांकि, वह फिल्मों में सफल नहीं हो सके, लेकिन बतौर सिंगर और होस्ट उन्होंने काफी लोकप्रियता हासिल की है।
सैफ अली खान पर हमला
सैफ अली खान पर हुए हालिया हमले ने बॉलीवुड जगत में हलचल मचा दी है। खबरों के अनुसार, कुछ लुटेरे मुंबई स्थित उनके घर में घुसे और उन पर धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में सैफ को छह बार वार किया गया।
फिलहाल, सैफ अली खान अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों के अनुसार, उनकी स्थिति स्थिर है। इस घटना के बाद उनके परिवार और प्रशंसकों में चिंता का माहौल है। नेताओं से लेकर अभिनेताओं तक सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना का रहे हैं। उधर पुलिस ने बताया है कि चोर सीढ़ी के रास्ते से घर में घुसा था। एक आरोपी की पहचान हुई है, जिसकी तलाश में कई टीमें लगी हैं।
बॉलीवुड में बढ़ती सुरक्षा चिंताएं
बॉलीवुड सितारे अक्सर अपनी लोकप्रियता और लाइमलाइट के कारण असुरक्षा का सामना करते हैं। इन घटनाओं से यह साफ होता है कि सेलेब्रिटीज के लिए सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण है।
सलमान खान, सोनू निगम, आदित्य नारायण और अब सैफ अली खान जैसी हस्तियों पर हुए हमले यह दर्शाते हैं कि सेलिब्रिटी सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा है। कई बार यह हमले निजी दुश्मनी, आर्थिक लाभ, या अन्य कारणों से होते हैं।