टीवी का लोकप्रिय सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ लंबे समय से दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है। शो की सफलता के बावजूद समय-समय पर कई कलाकारों ने इसे अलविदा कहा, जिनमें ‘दयाबेन’ का यादगार किरदार निभाने वाली दिशा वकानी भी शामिल हैं। बीते कई सालों से फैंस उनकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब इस मुद्दे पर शो से जुड़े एक अहम कलाकार ने खुलकर बात की है।
शो में ‘अब्दुल’ की भूमिका निभाने वाले शरद सांकला हाल ही में ‘द आवारा मुसाफिर शो’ में नजर आए, जहां उन्होंने दिशा वकानी की वापसी को लेकर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया दी। जब उनसे पूछा गया कि क्या दयाबेन की दोबारा एंट्री संभव है, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा होता हुआ नहीं दिखता, हालांकि भविष्य को लेकर पूरी तरह से कुछ भी कहना मुश्किल है। शरद के मुताबिक, शो के निर्माता असित कुमार मोदी हमेशा यही चाहते हैं कि कोई भी कलाकार शो न छोड़े, लेकिन परिस्थितियां हर किसी की अलग होती हैं।
शरद सांकला ने यह भी बताया कि दिशा वकानी ने करीब आठ साल पहले शो छोड़ा था, इसके बावजूद ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इतने साल बीत जाने के बाद भी लोग आज तक दयाबेन को याद करते हैं, जो इस किरदार की लोकप्रियता को दर्शाता है। दर्शकों की तरह ही निर्माता असित मोदी भी दिशा वकानी की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। अगर वह कभी लौटने का फैसला करती हैं, तो यह शो के लिए बेहद खास पल होगा, और अगर ऐसा नहीं होता, तो मेकर्स कोई न कोई समाधान जरूर निकालेंगे।
शरद ने आगे यह भी साफ किया कि असित मोदी की इच्छा है कि दयाबेन के किरदार में किसी और को नहीं, बल्कि दिशा वकानी को ही वापस लाया जाए। दर्शकों ने उनके निभाए इस किरदार को जिस तरह से अपनाया, उसे देखते हुए मेकर्स भी यही चाहते हैं कि वही चेहरा दोबारा स्क्रीन पर नजर आए। हालांकि, दिशा की निजी जिंदगी और उनके फैसलों को लेकर फिलहाल कुछ भी तय नहीं कहा जा सकता।
गौरतलब है कि दिशा वकानी ने साल 2018 में मेटर्निटी लीव ली थी, जिसके बाद से वह शो में नजर नहीं आईं। इसके बाद उन्होंने लाइमलाइट से दूरी बना ली और अपना पूरा ध्यान परिवार पर केंद्रित कर लिया। दिसंबर 2024 में एक इंटरव्यू के दौरान असित मोदी ने भी स्पष्ट किया था कि फिलहाल दिशा वकानी की शो में वापसी की कोई योजना नहीं है। ऐसे में फैंस की उम्मीदें अब भी बरकरार हैं, लेकिन दयाबेन की वापसी पर सस्पेंस बना हुआ है।









