
Bharat Jodo Yatra: देशभर में कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही ये पदयात्रा कांग्रेस के लिए कई मायनों में काफी अहम है। साल 2014 के बाद से ही कांग्रेस देशभर में अपनी सियासी जमीन खोती चली जा रही है, जिसमें एक नई जान भरने के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा का आगाज किया गया है। इस यात्रा के होने से उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस की नींव देश में फिर से मजबूत होगी।

अब तक यात्रा दक्षिण भारत के कई राज्यों से होकर गुजर चुकी है। खबर है कि अब यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। इस दौरान NCP चीफ शरद पवार भी इस पदयात्रा में शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में आदित्य ठाकरे भी शामिल हो सकते हैं।
Bharat Jodo Yatra: पदयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण शरद पवार ने स्वीकार किया- नाना पटोले
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने बीते रविवार को कहा था कि शरद पवार ने भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। पटोले राज्य में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में शामिल होने के बाद बोल रहे थे। बैठक में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी एचके पाटिल और पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने भी हिस्सा लिया था।

पटोले ने कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी आमंत्रित किया गया है, लेकिन उनकी उपस्थिति की पुष्टि करना बाकी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के तहत नांदेड़ और बुलढाणा के शेगांव में रैलियों को संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल तेलंगाना राज्य से गुजर रही है। यात्रा के महाराष्ट्र पहुंचने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। महाराष्ट्र की महा आघाड़ी सरकार में कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना गठबंधन में थी। हालांकि, इसी साल शिवसेना के एकनाथ शिंदे के कई विधायकों को साथ लेकर बगावत करने के बाद सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिंदे ने बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाई।
यह भी पढ़ें:
- करंट का शिकार हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’, 4 घायल कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती
- APN News Live Updates: कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का आज 46वां दिन, राहुल गांधी ने रायचूर के यरमारस गांव से शुरू की पदयात्रा