उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर में एक सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी डीके शर्मा ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बता दें कि 73 साल के शर्मा पत्नी और दो बच्चों के साथ गोमती नगर के विकासखंड इलाके में रहते थे। घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। इसमें अवसाद के चलते जान देने की बात लिखी गई है।
फिलहाल पुलिस ने घर के उस कमरे को सील कर दिया है जहां आत्महत्या को अंजाम दिया गया। फॉरेंसिक और फ्रिंगर प्रिंट एक्सपर्ट घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। यहां बता दें कि आज सुबह 7.15 बजे पुलिस को डीके शर्मा के सुसाइड की जानकारी मिली थी।
मिली जानकारी के मुताबिक डीके शर्मा लगभग एक महीने से बीमार थे। उनका इलाज चल रहा था। बीमारी की वजह से वह अवसाद में थे।