विराट कोहली, क्रिकेट की दुनिया का एक ऐसा नाम जिसे इस दौर में विश्व का सबसे बेहतर बल्लेबाज कहा जा रहा है। विराट ने साल 2016 में क्रिकेट के हर फोर्मेट में ऐसा प्रदर्शन किया है कि आलोचक हो या प्रशंसक सभी उनकी बल्लेबाजी के फैन हो गए। विराट के इसी प्रदर्शन को देखकर क्रिकेट की बाइबल कही जाने वाली विज़डन पात्रिका ने इस बार विराट कोहली को कवर पेज पर रखा है। पत्रिका के कवर पेज पर विराट रिवर्स स्विप शॉट खेलते नजर आ रहे है। पीले रंग की विज़डन पात्रिका के कवर पेज में विराट को ब्लैक एंड व्हाइट के रूप में दिखाया गया है। किसी भी क्रिकेटर के लिए विज़डन के कवर पेज पर जगह पाना जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि माना जाती है।
दअरसल, विज़डन क्रिकेटर्स अलमानेक ब्रिटेन से छपने वाली वार्षिक पत्रिका है। विज़डन पत्रिका इंग्लिश प्लैयर जॉन विज़डन के दिमाग की उपज थी। मध्य 19वीं सदी के महान इंग्लिश खिलाड़ी ने अपने रिटायरमेंट के बाद पैसे कमाने का यही तरीका ढूढ़ा। इसलिए इस पत्रिका का नाम विज़डन पत्रिका पड़ा। साल 1889 में इस पत्रिका नें पहली बार साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट्ररों के बारे में छापना शुरू किया, जो बाद में काफी मशहुर हुआ और इसी नाम से पुरस्कार भी शुरुआत हुई। सन् 1938 में पत्रिका पर पीले रंग के कवर पेज की शुरुआत हुई। सन् 2000 में इस पत्रिका को यादगार बनाने के लिए इंग्लैंड और वेस्ट इंडिज़ के बीच विज़डन ट्रॉफी का आयोजन भी किया गया था।
विज़डन के कवर पेज पर जगह पाने वाले विराट कोहली दूसरे भारतीय क्रिकेटर हैं। इससे पहले 2014 में संन्यास के बाद सचिन तेंदुलकर को यह उपलब्धि मिली थी। विज़डन ने सचिन की वर्ष 2013 में 200वां और आखिरी टेस्ट खेलकर लौटते वक्त वाली तस्वीर को 2014 पत्रिका के कवर पेज पर लगाया था। हालांकि विराट सचिन के ही नक्शे कदम पर चल रहे है और सचिन को वह अपना आदर्श भी मानते है लेकिन कई मामलों में विराट सचिन से आगे भी निकल चुके हैं। उदाहरण के तौर पर विज़डन पत्रिका के कवर पेज पर जगह बनाने में सचिन को 25 साल लग गए थे जबकि विराट ने यह कारनामा अपने करियर के 8वें वर्ष में ही कर लिया।
कोहली का 2016 विराट प्रदर्शन:
फॉर्मेट | इनिंग | रन | उच्चतम स्कोर | औसत | शतक | अर्धशतक
|
वनडे | 10 | 739 | 154 नॉटआउट | 92.37 | 3 | 4 |
टी-20 | 13 | 641 | 90 नॉटआउट | 106.83 | 0 | 7 |
टेस्ट | 18 | 1215 | 235 | 75.93 | 4 | 2 |