प्रियंका गांधी कल कांग्रेस महासचिव पद का कार्यभार संभालने जा रही हैं। लेकिन उससे पहले दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर और लुटियन जोन इलाके में जगह-जगह प्रियंका गांधी के पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर में प्रियंका के साथ राहुल गांधी और पति रॉबर्ट वाड्रा भी नजर आ रहे हैं। बता दें आज ही रॉबर्ट वाड्रा का ईडी के सामने पेश होना है।
पोस्टर में नारे भी लिखे गए हैं, जिसमें यह बताने की कोशिश की गई है कि कांग्रेस कट्टर सोच पर नहीं, बल्कि युवा जोश पर यकीन करती है। लेकिन अब कांग्रेस के नेताओं ने आरोप है कि इन पोस्टरों को NDMC के द्वारा हटवाया जा रहा है। उनका कहना कि रातभर मेहनत करके उन्होंने ये पोस्टर लगाए लेकिन भारतीय जनता पार्टी के दबाव में आकर NDMC ने ये पोस्टर हटवा दिए हैं।
वहीं, कांग्रेस महासचिव पद का कार्यभार संभालने से पहले प्रियंका गांधी ने अकबर रोड पर झुग्गी में जाकर दिव्यांगों से मुलाकात की। दरअसल, मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की बैठक होनी थी, जिसमें मिशन 2019 पर रणनीतिक चर्चा होना था। इस बैठक में पहुंचने से पहले प्रियंका गांधी झुग्गी में जाकर दिव्यांगों से मिली थीं और पीछे के रास्ते से बैठक में पहुंची थीं।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को प्रियंका गांधी दिल्ली स्थिति अपने दफ्तर का कार्यभार संभालेंगी। मंगलवार को ही कांग्रेस दफ्तर में प्रियंका गांधी को राहुल गांधी के बगल का कमरा मिला है। इसमें प्रियंका गांधी की नेमप्लेट लगाई गई है और मंगलवार रात दिल्ली में जगह-जगह ये पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टर में लिखा है कि ‘कट्टर सोच नहीं युवा जोश’ और ‘जन-जन की यही पुकार राहुल-प्रियंका अबकी बार।’