रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर शादी करने का इशारा दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि उनकी जीवन संगिनी खूबसूरत ओलंपिक चैंपियन जिम्नास्ट एलीना काबायेवा हो सकती हैं।  जिससे उनके रोमांस से चर्चे लंबे समय से सुने जाते रहे हैं।

एलीना काबायेवा दो बार ओलंपिक का मेडल जीत चुकी हैं। बारह बार वर्ल्ड चैंपियन रही हैं। एलीना लयबद्ध जिम्नास्टिक में 25 बार यूरोपीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर चुकी हैं। उन्हें जिम्नास्टिक फ्लोर पर प्रदर्शन करते देख कोई भी उनका मुरीद हो सकता है। एलीना बेइंतिहा खूबसूरत है। उनका व्यक्तित्व सम्मोहित कर देने वाला है।

इनका पूरा नाम एलीना मारातोव्ना काबायेवा है, उनकी उम्र 35 साल की है। उनका नाम आलराउंड जिम्नास्टिक में रूस की दो सबसे सफल जिम्नास्टों में शुमार किया जाता है। एलीना जितनी हसीन हैं उतनी ही दिलकश और स्मार्ट भी हैं। लंबे समय से कहा जाता रहा है कि वही वो खूबसूरत महिला हैं, जिन्हें रूस के सर्वशक्तिमान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपना दिल दे बैठे हैं और अब दूसरी शादी के बारे में सोचने लगे हैं।

विदेशी मीडिया में छाई रहती है प्रेम कहानी
रूसी मीडिया में बेशक सार्वजनिक तौर पर इन संबंधों पर कोई चर्चा नहीं होती, लेकिन पिछले कुछ सालों में विदेशी मीडिया दोनों के संबंधों पर काफी कुछ छापता रहा है। माना जाता है कि एलीना जब वर्ष 2004 के एथेंस ओलंपिक में जिम्नास्टिक का गोल्ड जीतकर लौटीं, तभी उनकी मुलाकात पुतिन से हुई। वो उनकी ओर आकर्षित हुए। उन्हें राजनीति में आने का न्योता दिया। जिसके कुछ समय बाद ही एलीना ने खेलों से संन्यास की घोषणा कर दी और राजनीति में कदम रख दिया। पुतिन ने उनकी मदद की। वर्ष 2005 में उन्हें रूस के पब्लिक चैंबर का सदस्य बनाया गया। दो साल बाद ही वह रूसी संसद ड्यूमा की सदस्य बन गईं। कुछ समय बाद उन्होंने सांसद के पद को भी छोड़ दिया।

एलीना को बनाया नेशनल मीडिया ग्रुप का चेयरमैन
उन्हें रूस के उस नेशनल मीडिया ग्रुप का चेयरमैन बना दिया गया, जो देश के चार बड़े टीवी चैनलों को नियंत्रित करता है। अब वह इसी मीडिया ग्रुप की बॉस हैं। इस चैनल के मालिक यूरी कोवालचुक हैं, जो न केवल रूस के बहुत बड़े उद्योगपति हैं बल्कि पुतिन के खासमखास। उन्हें पुतिन का सबसे बड़ा कैशियर भी कहा जाता है।

देखी जाती हैं पुतिन के साथ 
पूरी दुनिया एलीना काबायेवा को पुतिन की गर्लफ्रेंड कहती है। रूस में भी दबी जुबान से लोग मानते हैं कि उनके और पुतिन के बीच प्रगाढतम संबंध हैं। कहा तो यहां तक जाता रहा है पुतिन से उनके दो बच्चे भी हैं। करीब दो साल पहले भी चर्चाएं थीं कि दोनों बहुत जल्द शादी करने वाले हैं। गाहे बगाहे वो पुतिन के साथ देखी जाती हैं। हालांकि दोनों के बीच उम्र का अंतर 31 सालों का है। पुतिन 66 साल के हैं तो एलीना 35 की है।

पांच साल पहले पत्नी से हुआ तलाक
पुतिन ने वर्ष 2008 से ही अपनी पत्नी से अलग रह रहे हैं। उन्होंने इस बात को कई सालों तक सार्वजनिक नहीं किया था। ल्यूडमिला से उन्होंने लव मैरिज की थी फिर दोनों में मतभेद गहराते गए। दोनों सार्वजनिक जीवन में साथ साथ नजर आना बंद हो गए। सरकारी प्रोग्रामों में भी पुतिन के साथ ल्यूडमिला नहीं होती थीं। हां, ये बातें जरूर सुनाई पड़ती थीं कि पुतिन और ल्यूडमिला के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही है। आखिरकार वर्ष 2013 में रूसी राष्ट्रपति ने सार्वजनिक तौर पर एक टीवी चैनल पर स्वीकार किया कि उनका ल्यूडमिला के साथ तलाक हो गया है। अब वह सिंगल हैं। ल्यूडमिला ने भी इसकी पुष्टि की। वह शायद पहले राष्ट्रपति होंगे, जिन्होंने रूस में इतने शीर्ष पद पर रहते हुए तलाक लिया है।

आपको बता दें कि ल्यूडमिला को नहीं पसंद था कि पुतिन रूस के राष्ट्रपति बने। जिस दिन वह राष्ट्रपति बने, वह पूरा दिन रोती रहीं। क्योंकि उन्हें महसूस हो गया था कि अब हमारी प्राइवेट लाइफ खत्म हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here