राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सुनील अरोड़ा को चुनाव आयोग का मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। वह ओपी रावत का स्थान लेंगे। सुनील अरोड़ा 2 दिसंबर 2018 को अपना कार्यभार संभालेंगे। 2019 लोकसभा चुनावों के वक्त अरोड़ा ही मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। सुनील अरोड़ा पिछले साल सितंबर में चुनाव अयोग में नियुक्त हुए थे।
सुनील अरोड़ा राजस्थान कैडर से 1980 बैच के आईएएस अधिकारी है। वह सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव भी रह चुके हैं। इससे पहले अरोड़ा वित्त, कपड़ा एवं योजना आयोग जैसे मंत्रालयों एवं विभागों में भी विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। अरोड़ा साल 1999-2002 के दौरान नागरिक विमानन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
अरोड़ा पांच साल तक इंडियन एयरलाइंस के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) भी रहे हैं। जिसमें से दो साल तक वह अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे जबकि तीन साल तक उनके पास कंपनी का पूर्णकालिक प्रभार था।
राजस्थान में प्रशासनिक सेवा के दौरान विभिन्न जिलों में तैनाती के अलावा 62 वर्षीय अरोड़ा ने केन्द्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण सचिव और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वह वित्त और कपड़ा मंत्रालय एवं योजना आयोग में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वे 1993 से 1998 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री के सचिव और 2005 से 2008 तक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भी रहे।