भारत देश में दो चीज बड़ी तेजी से बदलती है। एक मौसम दूसरा राजनेता। इस बार मौसम ने फिर करवट ली है औऱ यूपी में तबाही मचाई है। केरल के बाद अब यूपी के लोग तूफान और तेज बारिश से खासा परेशान है। बता दें कि पूर्वांचल में कई दिनों से लगातार बढ़ रही गंगा और घाघरा नदी गुरुवार को घटना शुरू हो गई। हालांकि बारिश के चलते कई जिलों में दर्जनों मकान ढह गए। गाजीपुर में 10 मिनट के लिए आए चक्रवाती तूफान से दुल्हपुर, नंदगंज, सहेड़ी, आकुसपुर, मदनहीं तथा कुसमी गांव में भारी नुकसान हुआ। कई मकान ध्वस्त हो गए और पेड़ उखड़ गए। पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी भारी जलभराव देखने को मिल रहा है। वाराणसी में गुरुवार की शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 68.92 मीटर था। घटाव की गति तीन सेमी प्रति घंटा रही। वहीं पानी उतरने से वरुणा का जलस्तर भी घटने लगा था।
वहीं बलिया में दो किशोर घाघरा नदी के छाड़न में डूब गए। पुलिस और प्रशासन राहत कार्य में जुटे हैं। बलिया में गंगा के फैलाव से सुघर छपरा, केहरपुर, चौबे छपरा, लाला बगीचा, सोनार टोला गंगापुर, मझौवां, गराया, बदिलपुर आदि गांव बुरी तरह प्रभावित है। भदोही में घटाव पर रही गंगा का जलस्तर 75.820 मीटर था। वरुणा का पानी तिलकनाथ कैड़ा गांव की कई बस्तियों में प्रवेश कर गया जिससे दर्जनों एकड़ खेत जलमग्न हो गए।
बता दें कि यूपी सहित दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में भी मौसम का मिजाज बदला है। दिल्ली में भी कल भारी बारिश हुई थी। वहीं आज आसमान में बादल छाए हुए हैं।