उत्तर प्रदेश सरकार ने हवाई अड्डों का नाम देश के महान विभूतियों के नाम पर किये जाने का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा है। केन्द्र सरकार के मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलकर दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन किये जाने को मंजूरी दिये जाने के बाद हवाई अड्डों का नाम देश के महान विभूतियों के नाम किये जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन का औपचारिक उद्घाटन रविवार को भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, रेल मंत्री पीयूष गोयल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि राज्य सरकार ने इस आशय का एक प्रस्ताव गत शुक्रवार को केन्द्र सरकार को भेजा है। प्रस्ताव में कानपुर हवाई अड्डे का नाम गणेश शंकर विद्यार्थी, आगरा हवाई अड्डे का नाम पंड़ित दीन दयाल उपाध्याय तथा गोरखपुर हवाई अड्डे का नाम ‘नाथ नगरी’ किये जाने की मांग की है। राज्य कैबिनेट ने कई दिन पहले ही इन नामों को मंजूरी दे दी थी।
इस बीच, भाजपा ने रविवार के उद्घाटन के लिए चंदौली जिले के मुगलसराय स्टेशन में एक भव्य आयोजन करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की है। 19वीं शताब्दी के इस स्टेशन की मुख्य इमारतों को रेलवे अधिकारियों ने भाजपा नेताओं को प्रभावित करने के लिए पहले से ही भगवा रंग में रंग दिया है। मुख्य इमारत के बाहर रविवार को दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन नाम का नया साइन बोर्ड लगाया जायेगा।
इस अवसर पर भाजपा रेलवे स्पोर्ट्स मैदान में एक बड़ी रैली का आयोजन कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय जो चंदाैली सीट से सांसद है इस रैली को सफल बनाने में जुट गये है। देश के सबसे व्यस्तम स्टेशनों में शामिल मुगलसराल स्टेशन का नाम भाजपा के संस्थापक दीन दयाल उपाध्याय के नाम पर किये जाने की राज्य सरकार की मांग को भारतीय रेलवे ने मंजूरी दे दी थी।
मुगलसराय राज्य का सबसे व्यस्थ स्टेशन है। अब पांच जून से इसे दीन दयाल उपाध्याय नगर जंक्शन रेलवे स्टेशन (डीडीयू) नाम से जाना जायेगा।