उत्तर प्रदेश में सावन के पहले सोमवार को लखनऊ समेत अनेक हिस्सों में हुई भारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्थ हो गया। जल भराव, मकान गिरने तथा सड़के धसने से लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ा। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यहां बताया कि प्रदेश में बारिश जनित हादसों में दस और लोगों की मृत्यु के बाद मृतक संख्या बढ़कर 80 हो गयी तथा 84 लोग घायल हो गये।
हादसों में 450 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गये। सूत्रों ने बताया कि बारिश के कारण सावन के पहले सोमवार के दिन लोगों को शिवालयों में जलाभिषेक के लिये जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के कारण गंगा, यमुना समेत सभी प्रमुख नदियों का जल स्तर बढ़ रहा है। नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों में पहुंचाया जा रहा है।
राज्य की राजधानी लखनऊ स्थिति कई मंत्रियों के आवास में पानी भर जाने की सूचना है। सुबह करीब करीब तीन घंटे हुई भारी बारिश से लोगों को अपने कार्यालय जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थित कम दर्ज की गयी। न्यायालयों में भी वकीलों तथा मुवक्किलों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
साभार- ईएनसी टाईम्स