केरल के तटों पर मॉनसून ने मंगलवार को दस्तक दे दी है। जो मॉनसून हर साल लोगों को इंतजार करवाता है उसने इस बार समय से पहले आकर लोगों को बड़ी राहत दी है। उत्तर-पूर्व के राज्यों की बात न करें तो पूरे देश में सामान्य बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।
केरल में मॉनसून की खबर का मंगलवार को शेयर बाजार पर भी सकारात्मक प्रभाव नजर आया। वहीं आर्थिक मोर्चे पर कुछ मुश्किलों का सामना कर रही मोदी सरकार के लिए इसे बड़ी राहत की खबर माना जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पूर्व के राज्यों में सामान्य से कुछ कम लगभग 93 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। वहीं उत्तर-पश्चिम में 100 प्रतिशत, मध्य भारत में 99 प्रतिशत, दक्षिण भारत में सामान्य से कुछ कम 95 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है।
जानकारों की मानें तो लोकसभा चुनाव से पहले अच्छे मॉनसून का सीधा लाभ सत्ताधारी पार्टी की झोली में जाकर गिरता है। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस साल मॉनसून खरीफ की फसल के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। यह देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने का काम करेगा।
कृषि जानकारों का कहना है कि मॉनसून के आने पर किसानों को चावल, गन्ना, मक्का और कपास जैसी फसलों की बुआई को प्राथमिकता देने में मदद मिलती है। सामान्य मॉनसून की स्थिति में किसानों की फसल की अच्छी पैदावार होती है, जिससे किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी भी होती है।
पिछले तीन साल से RBI ने ब्याज दरों में कटौती नहीं की है। केंद्रीय बैंक हर बार कमजोर मॉनसून के चलते महंगाई बढ़ने की आशंका के चलते ब्याज दरों में कटौती करने से इनकार करता रहा है। ऐसे में इस साल अच्छे मॉनसून के चलते रिजर्व बैंक की यह दलील काम नहीं आएगी और उस पर ब्याज दर में कटौती का दबाव बढ़ सकता है।