Mulayam Singh Yadav: यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। 82 वर्षीय नेताजी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उनकी स्थिति गंभीर होने पर सोमवार को आईसीयू से सीसीयू में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद से उनके पास किसी को न जाने का निर्देश दिया गया था। बता दें कि हाल ही में मुलायम सिंह यादव तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ही बिहार के सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की थी।
Mulayam Singh Yadav के लिए 24 घंटे थे बेहद अहम
बता दें कि सोमवार 2 अक्टूबर तो मुलायम सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू से सीसीयू यानी क्रिटिकल केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया था। इसकी जानकारी देते हुए समाजवादी पार्टी ने ट्वीट कर कहा था, “आदरणीय नेताजी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की ‘क्रिटिकल केयर यूनिट’ में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर है। नेताजी से मिलना और अस्पताल के अंदर जाना संभव नहीं है, इसलिए आप सभी से विनम्र निवेदन है कि कृपया अस्पताल ना आएं। नेताजी के स्वास्थ्य की जानकारी समय समय पर दी जाती रहेगी।”
वहीं, अस्पताल प्रशासन ने कहा था “मुलायम सिंह यादव को वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सपा संरक्षक के लिए 24 घंटे बेहद अहम हैं और उनकी स्थिति की लगातार मॉनिटिरिंग की जा रही है।”
संक्रमण के चलते किया गया था डायलिसिस
मुलायम सिंह यादव का मेदांता अस्पताल के आइसीयू में इलाज चल रहा था। डाक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुई थी। वहीं, रविवार रात को जब ज्यादा तबीयत बिगड़ने लगी, तो उनका डायलिसिस भी किया गया, लेकिन उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो पाया। डॉक्टरों की मानें, तो संक्रमण के पूरे शरीर में फैलने की वजह से डायलिसिस किया गया था। बता दें कि मुलायम सिंह बीते अगस्त महीने से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। उनका इलाज यहां लंबे वक्त से चल रहा था।
पिछले साल आंत में आई थी समस्या
मालूम हो कि साल 2021 में मुलायम सिंह को पेट में तकलीफ हुई थी। उसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच में पाया था कि उनकी बड़ी आंत में समस्या है, तब कोलोनोस्कोपी करके आंत की सफाई की गई थी। उसके बाद सेहत में सुधार होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी थी। अस्पताल के डॉक्टर ने बताया था कि मूत्र नली में संक्रमण का असर मुलायम सिंह के गुर्दों तक पहुंच गया है।
यह भी पढ़ेंः
जानिए तीन बार यूपी के सीएम रहे Mulayam Singh Yadav के बारे में जो प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गए