एक बार फिर भारत को लेकर पाकिस्तान को झटका लगा है। लेकिन इस बार यह झटका अमेरिका, रूस और चीन ने नहीं बल्कि बांग्लादेश ने दिया है। जी हां, बांग्लादेश ने ज्यादा मुस्लिम आबादी वाले देशों में से पाक को दरकिनार कर भारत को ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कॉरपोरेशन (OIC) का पर्यवेक्षक बनाने की बात कही है। बांग्लादेश ने कहा है कि भारत को मुस्लिम बहुल देशों के संगठन ओआईसी का पर्यवेक्षक बनाया जाना चाहिए। यह पड़ोसी देश के लिए किसी झटके से कम नहीं है क्योंकि वह लगातार भारत की छवि को खराब करने की कोशिश करता रहता है। बता दें कि OIC एक ऐसा संगठन है जिसके सदस्य केवल वही देश हैं जहां मुस्लिम आबादी की बहुलता है।
खबरों के मुताबिक, बांग्लादेश के इस सुझाव से पाकिस्ता भले ही कभी सहमत न हो लेकिन चीन और इंडोनेशिया जैसे देश इस पर अपनी सहमति बना सकते हैं। शनिवार को ढाका में ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन (OIC) के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई। इस दौरान बांग्लादेश के मंत्री अबुल हसन महमूद अली ने संगठन में सुधारों की मांग करते हुए कहा कि भारत जैसे देशों को OIC के पर्यवेक्षक सीट पर नियुक्त किया जा सकता है, जो मुस्लिम बहुल देश नहीं है। इस समय दुनियाभर की मुस्लिम आबादी का 10 प्रतिशत हिस्सा भारत में रहता है। 9 करोड़ 20 लाख लोगों की आबादी वाले मिस्र में वैश्विक मुस्लिम आबादी का 5 प्रतिशत हिस्सा रहता है। विश्व में मुस्लिमों की आबादी में इंडोनेशिया और पाकिस्तान के बाद भारत तीसरे नंबर पर आता है।
बांग्लादेश मंत्री का कहना है कि ‘उन गैर-OIC देशों के साथ भी दूरी को पाटने की जरूरत है ताकि बड़ी संख्या में मुस्लिम आबादी OIC द्वारा किए गए अच्छे कामों से अछूती न रहे। यही वजह है कि OIC के लिए सुधार और पुनर्गठन महत्वपूर्ण है।’