बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह इस वक्त रायपुर दौरे पर हैं।  वहां उन्होंने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा है। दरअसल अमित शाह ने अपने दौरे में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी की न ही कोई नीति है न ही कोई विचारधारा है। शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य राज्य विधानसभा चुनाव में 65 सीटें जीतने का है। साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी के बारे में एक बड़ा बयान दिया जिसमें उन्होंने गांधी को  दूरदर्शी होने के साथ एक बहुत चतुर बनिया बताया है अमित शाह ने अपने बयान में कहा, “वो दूरदर्शी होने के साथ, बहुत चतुर बनिया थे, उन्हें मालूम था कि आगे क्या होने वाला है, उन्होंने आजादी के बाद कहा था, कांग्रेस को बिखेर देना चाहिए।”

शाह यहीं नहीं रुके  उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने कांग्रेस को खत्म करने का काम नहीं किया, लेकिन अब कुछ लोग उसको बिखेरने का काम कर रहे हैं। अमित शाह ने बीजेपी की आंतरिक लोकतंत्र की तुलना कांग्रेस से करते हुए कहा, हमारे लिए देश सबसे पहले है, उसके बाद पार्टी और अंत में व्यक्ति है।पर कांग्रेस में इसका उलट है। अमित शाह ने कहा “हमारी आर्थिक नीति का आधार अंत्योदय है। पार्टी मानती है कि अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का जब विकास होगा, तभी देश विकास करेगा।”

इन सबके बाद शाह ने  दिल्ली विश्वविद्यालय में लगे देश विरोधी नारों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी की स्पष्ट सोच है कि जो देश के खिलाफ नारे लगाएगा, वह देश द्रोही कहलाएगा। पार्टी के चरित्र पर शाह ने कहा कि “भाजपा शासित राज्य तेजी से विकास कर रहे हैं। यह कहने की बात नहीं है, आंकड़े उपलब्ध हैं, कोई भी इसका परीक्षण कर सकता है।”

वहीं कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने अमित शाह के बयान की कड़ी निंदा की है।  उन्होंने कहा, ”अमित शाह ने महात्मा गांधी को चतुर बनिया कहकर आज़ादी की लड़ाई का अपमान किया। सत्ता के व्यापारी अमित शाह आज़ादी की लड़ाई को व्यापारिक मॉडल बता रहे हैं।  बल्कि अंग्रेजों ने संघ को स्पेशल पर्पस व्हीकल की तरह इस्तेमाल किया था और बीजेपी अगर गांधी को भी जाति से जोड़कर दिखाता है तो इससे पता लगता है कि इस पार्टी की विचारधारा क्या है।”  इसी के साथ सुरजेवाला ने अमित शाह के इस बयान पर मोदी और अमित शाह  दोनों से माफी मांगने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here