केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें पीलीभीत के एक अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती कराया गया है। पहले कई खबर आ रही थी कि मेनका गांधी को सांस लेने में तकलीफ होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन डॉक्टर्स ने इन सभी बातों को गलत ठहराया है।
डॉक्टर्स का कहना है कि मेनका गांधी को सांस लेने में कोई परेशानी नहीं है, बल्कि उन्हें पित्ताशय में स्टोन की दिक्कत है जिसके चलते उन्हें भर्ती किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि, मेनका गांधी के गाल ब्लैडर में स्टोन की दिक्कत है। डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया है। उन्हें एयरलिफ्ट करके दिल्ली ले जाया जाएगा, डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी जांच कर रही है। मेनका गांधी के अस्पताल में भर्ती होते ही उनसे मिलने पर पाबंदी लगा दी गई है। मीडिया को भी दूर रखा जा रहा है।
मेनका आज अपने पीलीभीत दौरे पर आई हुई थी जिसमें उन्होंने सुबह निजी गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी शीतल वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा से एकांत में लंबी बातचीत भी की। इसके बाद लगभग ग्यारह बजे मेनका गंधी ने गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दोपहर लगभग एक बजे वह कार्यकर्ताओं से मिलने वापस गेस्ट हाउस पहुंचीं। वहां अचानक उन्हें सांस लेने में दिक्कत और दर्द की शिकायत हुई जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।