हरियाणा के झज्जर से पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। यह पाकिस्तानी नागरिक भारत में नाम बदल कर रह रहा था। हिरासत में लिए गए इस पाक नागरिक ने अपने आधार कार्ड और पैन कार्ड में अपना नाम रासराज दास राजपूत लिखवाया हुआ है।
इस शख्स को पुलिस ने झज्जर के नाहरा-नाहरी रोड पर स्थित एक इस्कान मंदिर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि छानबीन करने पर इस शख्स के पास से मोबाइल फोन, दो सिम, भारत में बने आधार कार्ड, पैन कार्ड और पाकिस्तानी वोटर कार्ड, पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज बरामद किये गए हैं। भले यह शख्स रासराज नाम से रह रहा था लेकिन इसके सामान से बरामद की गई चीजों में अलग-अलग नाम लिखा हुआ है। इस शख्स के पास जो पासपोर्ट मिला है उसका समय काफी पहले ही खत्म हो चुका है। बताया जा रहा है कि यह शख्स काफी समय से मंदिर में स्वंयसेवक के रूप में काम कर रहा था। यह शख्स भारत में 2013 से रह रहा है। वर्ष 2013 से ही यहां पर रासराज के नाम से रह रहा युवक, पाकिस्तान के लरकाना की हिन्दू कॉलोनी का निवासी है। संदिग्ध के पास से भारतीय गणराज्य का वीजा स्टैम्प लगा पासपोर्ट बरामद हुआ है। महज 33 दिनों के लिए जारी वीजा में उसका नाम राजा और पता पाकिस्तान के सिंध लरकाना हिंदू कॉलोनी का दर्ज है।
पुलिस को इस व्यक्ति पर पहली बार तब शक हुआ जब वह करीब 15 दिन पहले गृह मंत्रालय में पाकिस्तान से आए अपने साथियों से मिलने के लिए गया था, तभी से देश की जांच एजेंसियां सक्रिय हुई और बृहस्पतिवार को उसे इस्कान मंदिर से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस शख्स से बंद कमरे में कई घंटों तक पुछताछ की। हालांकि पुलिस ने खुलकर अभी कुछ नहीं बताया है। हालांकि मीडिया से बातचीत में पाकिस्तानी नागरिक ने कहा कि, वह हिंदू है और भारत में ही रहना चाहता है, ऐसे कई लोग हैं जो पाकिस्तान में अत्याचारों से परेशान होकर भारत आ जाते हैं और फिर वापस नहीं जाना चाहते।