UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ-साथ विपक्ष पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल आस्था का केवल दिखावा करते हैं, जबकि उनकी सरकार ने अयोध्या को सनातन संस्कृति की वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई, क्या वे जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकते हैं? यदि ऐसा नहीं कर सकते तो फिर हनुमानगढ़ी में ऐसा करवाने का प्रयास क्यों किया गया था।
432 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में हुए विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का श्रेय स्थानीय जनता और सक्रिय जनप्रतिनिधियों को देते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि विकास के प्रति गंभीर होते हैं, तो उसका सकारात्मक परिणाम पूरे क्षेत्र को मिलता है।
‘सक्रिय जनप्रतिनिधियों से तेज होती है विकास की रफ्तार’
सीएम योगी ने कहा कि स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ यदि जनप्रतिनिधि कार्य करें तो विकास अपने आप गति पकड़ता है। उन्होंने कहा कि बीकापुर, मिल्कीपुर, रुदौली और गोसाईगंज जैसे क्षेत्रों में जो बदलाव दिखाई दे रहा है, वह स्थानीय नेतृत्व और सरकार के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या जिस स्वरूप में दुनिया के सामने है, वैसा विकास कभी असंभव माना जाता था।
‘उपेक्षित अयोध्या आज बन चुकी है वैश्विक पहचान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रही थी। सड़क, बिजली, पानी और पर्यटन सुविधाओं की कमी के कारण श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब राम मंदिर निर्माण, राम पथ, धर्म पथ, भक्ति पथ, आधुनिक घाटों, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और बेहतर सड़क संपर्क के कारण अयोध्या की पहचान पूरी तरह बदल चुकी है।
उन्होंने कहा कि आज अयोध्या “तीनों लोकों से न्यारी” दिखाई देती है। सरयू तट का विकास, गुप्तार घाट और सूरजकुंड का पुनरुद्धार, भरतकुंड के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य धार्मिक पर्यटन को नई दिशा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से इन स्थलों का भ्रमण करने की भी अपील की।
राम मंदिर से लेकर एयरपोर्ट तक विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्ष ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं और भगवान श्रीराम के अस्तित्व तक पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने विकास कार्यों की बजाय राजनीतिक विवादों को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अयोध्या न केवल धार्मिक बल्कि वैश्विक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, चौड़ी सड़कें, आधुनिक रेलवे नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी ने अयोध्या समेत आसपास के क्षेत्रों को विकास की नई गति दी है।
‘समरसता और विरासत दोनों को मिला सम्मान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने निषादराज के नाम पर रैन बसेरा, माता शबरी के नाम पर भोजनालय और श्रृंगवेरपुर में भगवान राम एवं निषादराज की भव्य प्रतिमा का निर्माण कर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत दोनों को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास और विरासत को साथ लेकर चल रही है और प्रदेश का हर क्षेत्र इसका लाभ उठा रहा है।









