उत्तर प्रदेश में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। राजधानी लखनऊ से लगभग 45 किलोमीटर दूर बाराबंकी के नियामतपुर वन क्षेत्र में विकसित किया जा रहा ईको-टूरिज्म सेंटर अब लगभग पूरी तरह तैयार है। करीब 52.50 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और इसे अगले ईको-पर्यटन सत्र में आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।
प्रकृति के बीच दो किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल होगी मुख्य आकर्षण
परियोजना का सबसे बड़ा आकर्षण दो किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल है, जहां पर्यटक घने वन क्षेत्र के बीच पैदल भ्रमण कर प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे। इस ट्रेल के जरिए आगंतुक विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों, पक्षियों और वन्य जैव विविधता को करीब से देख सकेंगे। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा के महत्व से जुड़ी जानकारी भी उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी।
पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास
पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए परिसर में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। यहां आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक हाट, स्वच्छ शौचालय, सेल्फी प्वाइंट और नाले पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा पूरे परिसर में सूचना एवं दिशा-निर्देश देने वाले साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिन पर स्थानीय वनस्पतियों, जैव विविधता और पारिस्थितिकी से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित होगी।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, नियामतपुर ईको-टूरिज्म परियोजना का उद्देश्य केवल पर्यटन सुविधाएं विकसित करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है। उनका कहना है कि परियोजना शुरू होने के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
सरकार का लक्ष्य प्रदेश में प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को सतत विकास के मॉडल के रूप में विकसित करना है, जहां पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण दोनों के बीच संतुलन बना रहे।
अगले पर्यटन सीजन में मिलेगा नया अनुभव
शेष निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद नियामतपुर ईको-टूरिज्म सेंटर बाराबंकी और लखनऊ मंडल के लिए प्रकृति आधारित पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है। यहां आने वाले पर्यटकों को शहर की भागदौड़ से दूर हरियाली, जैव विविधता और शांत वातावरण के बीच यादगार अनुभव मिलेगा।









