6 गेंदों पर 6 छक्के: क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक वह था जब भारत के विस्फोटक बल्लेबाज युवराज सिंह ने एक ही ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर इतिहास रच दिया। यह ऐतिहासिक कारनामा उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2007 में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ किया था। उस मुकाबले में युवराज की तूफानी बल्लेबाजी ने पूरे क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी थी।
कहीं न कहीं इस शानदार प्रदर्शन ने युवराज सिंह को एक अलग पहचान और बड़ा ब्रांड बना दिया। आज भी जब किसी गेंदबाज के एक ओवर में कोई बल्लेबाज लगातार तीन या उससे ज्यादा छक्के लगाता है, तो क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में सबसे पहले युवराज सिंह का वही ऐतिहासिक ओवर जरूर याद आ जाता है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले युवराज पहले खिलाड़ी नहीं थे। उनसे पहले भी यह अद्भुत रिकॉर्ड बन चुका था।
हर्षल गिब्स ने सबसे पहले किया यह कारनामा
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के हर्षल गिब्स थे। उन्होंने 15 मार्च 2007 को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के दौरान यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
वेस्टइंडीज के सेंट किट्स में खेले गए मैच में गिब्स ने नीदरलैंड्स के लेग स्पिनर डान वैन बुंगे के एक ओवर की सभी छह गेंदों पर छक्के लगाए थे। खास बात यह थी कि यह कारनामा विश्व कप जैसे बड़े मंच पर हुआ था, जिसने इसे और भी खास बना दिया।
उसी साल युवराज ने भी दोहराया कमाल
गिब्स के बाद उसी वर्ष भारत के युवराज सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ (19 सितम्बर, 2007) यह रिकॉर्ड बनाया। ब्रॉड के ओवर में लगाए गए उनके छह छक्कों ने न सिर्फ मैच का रुख बदल दिया, बल्कि टी20 क्रिकेट को दुनिया भर में और लोकप्रिय बना दिया।
युवराज ने उस ओवर में केवल छक्के ही नहीं लगाए, बल्कि 362.5 की स्ट्राइक रेट से 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टी20 इतिहास का सबसे तेज फिफ्टी भी जड़ी। उस मुकाबले में दिग्गज ऑलराउंडर ने 16 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने कुलमिलाकर 7 छक्के और 3 चौके जड़े थे।
युवराज सिंह से पहले भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने का रिकॉर्ड बन चुका था और उनके बाद भी कुछ बल्लेबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की। हालांकि टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज अर्धशतक और एक ही ओवर में छह छक्के लगाने का युवराज का ऐतिहासिक रिकॉर्ड आज तक कायम है और कोई भी खिलाड़ी इसे तोड़ नहीं पाया है।
बाद के वर्षों में भी बना यह रिकॉर्ड
2007 के बाद कई साल तक कोई बल्लेबाज इस रिकॉर्ड को दोहरा नहीं सका। लेकिन बाद में कुछ खिलाड़ियों ने इस दुर्लभ उपलब्धि को हासिल किया।
2021 में वेस्टइंडीज के कायरन पोलार्ड ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में एक ओवर में छह छक्के जड़ दिए। उसी वर्ष अमेरिका के जसकरण मल्होत्रा ने भी पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ वनडे मैच में यह कारनामा किया।
हाल के वर्षों में नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी ने भी 2024 में टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में लगातार छह छक्के लगाकर इस विशिष्ट क्लब में जगह बना ली।
इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
| खिलाड़ी | देश | साल | फॉर्मेट |
|---|---|---|---|
| हर्षल गिब्स | दक्षिण अफ्रीका | 2007 | ODI |
| युवराज सिंह | भारत | 2007 | T20I |
| कायरन पोलार्ड | वेस्टइंडीज | 2021 | T20I |
| जसकरण मल्होत्रा | यूएसए | 2021 | ODI |
| दीपेंद्र सिंह ऐरी | नेपाल | 2024 | T20I |
क्रिकेट में बेहद दुर्लभ उपलब्धि
एक ओवर में छह छक्के लगाना क्रिकेट की सबसे कठिन और दुर्लभ उपलब्धियों में से एक माना जाता है। इसके लिए बल्लेबाज को न सिर्फ बेहतरीन टाइमिंग और ताकत की जरूरत होती है, बल्कि मानसिक दबाव को भी संभालना पड़ता है।
यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के एक सदी से भी लंबे इतिहास में अब तक सिर्फ पांच बल्लेबाज ही इस कारनामे को अंजाम दे सके हैं। युवराज सिंह का 2007 का वह ओवर आज भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार पल बना हुआ है।









