BAN vs PAK 1st ODI: टी20 वर्ल्ड कप में निराशा के बाद पाक की नई शुरुआत, बाबर समेत बड़े नाम बाहर; पहले मैच में 3 खिलाड़ियों का डेब्यू

0
2

BAN vs PAK 1st ODI: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम अब नई शुरुआत के इरादे से बांग्लादेश दौरे पर उतरी है। तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार (11 मार्च) को ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है।

इस सीरीज को पाकिस्तान के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि टीम प्रबंधन 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी के तहत युवा खिलाड़ियों को मौका दे रहा है। टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद टीम चयन को लेकर कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।

बाबर आजम को लेकर उठे सवाल

हाल के महीनों में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) की जगह को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। टी20 फॉर्मेट में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उनके भविष्य पर चर्चा तेज हो गई थी। बाबर के साथ टीम के स्टार ऑलराउंडर सैम अयूब और सीनियर स्पिन गेंदबाज मोहम्मद नवाज को भी स्क्वाड में जगह नहीं मिली है।

हालांकि टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) ने साफ किया कि इस सीरीज के लिए किसी खिलाड़ी को ड्रॉप नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि टीम का उद्देश्य युवाओं को मौका देना है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित कर सकें।

शाहीन ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य इन युवा खिलाड़ियों में है और उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर मिलेगा।

पहले वनडे में 3 खिलाड़ियों का डेब्यू

पहले वनडे मुकाबले में पाकिस्तान ने चार नए खिलाड़ियों को मौका देकर साफ संकेत दे दिया है कि टीम भविष्य की तैयारी में जुटी है। कप्तान शाहीन अफरीदी ने पुष्टि की कि साहिबजादा फरहान, शमील हुसैन और माज सदाकत इस मैच में पाकिस्तान के लिए डेब्यू कर रहे हैं।

इन खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर टीम में जगह मिली है। खास तौर पर साहिबजादा फरहान हाल ही में समाप्त हुए टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे थे, जिसके चलते उन्हें वनडे टीम में मौका दिया गया।

दोनों टीमों की नजरें सीरीज जीत पर

बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर बांग्लादेश इस सीरीज में मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगा, जबकि पाकिस्तान नई टीम संयोजन के साथ जीत की शुरुआत करना चाहता है।

यह सीरीज पाकिस्तान के लिए केवल जीत का मामला नहीं बल्कि टीम निर्माण की दिशा में एक अहम कदम भी मानी जा रही है। आने वाले समय में इन युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन यह तय करेगा कि 2027 विश्व कप के लिए पाकिस्तान की टीम का चेहरा कैसा होगा।

दोनों टीमों को प्लेइंग 11

बांग्लादेश प्लेइंग XI: तंजीद हसन तमीम, सैफ हसन, नजमुल हुसैन शांतो, लिटन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज (कप्तान), तौहीद हृदोय, आफिफ हुसैन, तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन, मुस्तफिजुर रहमान, नाहिद राणा।

बेंच: सौम्य सरकार, माहिदुल इस्लाम अंकोन, तनवीर इस्लाम, मोहम्मद शोरफुल इस्लाम।

पाकिस्तान प्लेइंग XI: साहिबजादा फरहान, माज सदाकत, शमील हुसैन, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सलमान आगा, हुसैन तलत, अब्दुल समद, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी(कप्तान), मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद।

बेंच: हारिस रऊफ, फैसल अकरम, गाजी घोरी, साद मसूद।