PAK vs NAM T20 World Cup 2026: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और इसी कड़ी में बुधवार को पाकिस्तान और नामीबिया के बीच करो या मरो का मुकाबला खेला गया। इस अहम मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 199 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। अब नामीबिया के सामने टूर्नामेंट में बने रहने के लिए 200 रनों का मुश्किल लक्ष्य है।
इस मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी का केंद्र बिंदु रहे साहिबजादा फरहान, जिन्होंने अपने करियर की सबसे शानदार पारियों में से एक खेलते हुए नाबाद शतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सुपर 8 में आखिरी स्पॉट के लिए आज का मुकाबला हर हालत में पाकिस्तान को जीतना ही होगा, ऐसा नहीं करने पर USA सीधा क्वालीफाई कर सकती है।
साहिबजादा फरहान का यादगार शतक
सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने नामीबिया के गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बना दिया। उन्होंने महज 58 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। फरहान की स्ट्राइक रेट 170 से ऊपर रही, जिसने पाकिस्तान की पारी को लगातार गति दी।
पावरप्ले में ही फरहान ने साफ कर दिया था कि वह आज किसी भी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने फील्ड के हर हिस्से में शॉट लगाए और नामीबिया के गेंदबाजों को लाइन-लेंथ बदलने पर मजबूर कर दिया। उनकी इस पारी ने पाकिस्तान को एक बड़े स्कोर की नींव दी।
मिडिल ऑर्डर का योगदान, कप्तान सलमान भी चमके
फरहान को दूसरे छोर से अच्छा साथ मिला। साइम अयूब के सिर्फ 14 रन बनाकर आउट होने के बाद कप्तान सलमान आगा ने 23 गेंदों पर 38 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। अंतिम ओवरों में शादाब खान ने 22 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाकर रन रेट को और ऊपर पहुंचाया।
हालांकि, चौथे नंबर पर बाबर की जगह बल्लेबाजी करने आए ख्वाजा नफे से ज्यादा योगदान नहीं मिल सका और वे 5 रन बनाकर आउट हुए।
सबसे बड़ा सवाल: बाबर आज़म को क्यों नहीं भेजा गया?
इस मैच की सबसे चौंकाने वाली बात रही बाबर आज़म का बल्लेबाजी के लिए नहीं आना। आमतौर पर सलमान आगा के आउट होने के बाद बाबर नंबर चार पर बल्लेबाजी करते रहे हैं, लेकिन इस मुकाबले में टीम मैनेजमेंट ने अलग रणनीति अपनाई।
बाबर प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होने के बावजूद डगआउट में ही बैठे रहे। उनकी जगह पहले ख्वाजा नफे और फिर शादाब खान को भेजा गया। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कई फैंस और एक्सपर्ट्स इसे बाबर की भूमिका में बदलाव या रणनीतिक डिमोशन के तौर पर देख रहे हैं।
बताते चलें कि इससे पहले बाबर नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आते थे। हालांकि यह भी संभव है कि पाकिस्तान ने अंतिम ओवरों में ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजों को भेजने की योजना बनाई हो, ताकि स्कोर 200+ पहुंच सके।
नामीबिया के सामने कठिन चुनौती
टी20 क्रिकेट में 200 रनों का लक्ष्य हासिल करना कभी आसान नहीं होता, खासकर जब विपक्ष में पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम हो। इस मुकाबले में नामीबिया के गेंदबाज शुरू से ही दबाव में दिखाई दिए और डेथ ओवरों में रन गति पर लगाम लगाने में पूरी तरह असफल रहे। जैक ब्रासेल ने भले ही दो विकेट झटके, लेकिन उनकी गेंदबाजी काफी महंगी साबित हुई और उन्होंने प्रति ओवर 12 रन खर्च किए। गेंदबाजी में अगर किसी ने सबसे ज्यादा समझदारी दिखाई तो वह नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस रहे, जिन्होंने तीन ओवर में एक विकेट हासिल किया और रन गति को कुछ हद तक नियंत्रित किया। इसके अलावा कोई भी गेंदबाज विकेट निकालने में सफल नहीं हो सका, जिसका खामियाजा नामीबिया को बड़े लक्ष्य के रूप में भुगतना पड़ा।
अब नामीबिया को न सिर्फ तेज शुरुआत चाहिए, बल्कि पूरे 20 ओवरों तक असाधारण बल्लेबाजी भी करनी होगी। पाकिस्तान के गेंदबाजों के सामने यह लक्ष्य हासिल करना नामीबिया के लिए अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।
नतीजे पर टिकी निगाहें
यह मुकाबला महज़ दो अंकों की कहानी नहीं है, बल्कि इसके मायने कहीं ज़्यादा गहरे हैं। इस प्रदर्शन ने पाकिस्तान की सुपर-8 की उम्मीदों को मज़बूती दी है, वहीं टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद नामीबिया की टीम एक जीत ढूढ़ रही है ताकि क्रिकेट की दुनिया में आगे के सफर में उनका आत्मविश्वास बना रहे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या नामीबिया इस विशाल लक्ष्य का पीछा कर कोई चमत्कार कर पाता है, या फिर फरहान का शतक पाकिस्तान को टूर्नामेंट में आगे ले जाने में निर्णायक साबित होता है।
पाकिस्तान और नामीबिया की प्लेइंग 11
नामीबिया की प्लेइंग XI: लोरेन स्टीनकैंप, जान फ्रिलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), अलेक्जेंडर वोल्शेंक, जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेट कीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, विलेम मायबर्ग, बर्नार्ड शोल्ट्ज, जैक ब्रासेल।
पाकिस्तान की प्लेइंग XI: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेट कीपर), ख्वाजा नफे, शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक।









