IND vs NED: नीदरलैंड के खिलाफ अहमदाबाद में किस प्लेइंग XI के साथ उतरेगी टीम इंडिया? सुपर-8 से पहले बेंच स्ट्रेंथ का इम्तिहान

0
0
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI बनाम नीदरलैंड
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI बनाम नीदरलैंड

IND vs NED Plaing XI: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ग्रुप स्टेज अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और टीम इंडिया पहले ही लगातार तीन मुकाबले जीतकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। ऐसे में बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए नतीजों के लिहाज से भले ही ज्यादा अहम न हो, लेकिन टीम मैनेजमेंट के लिए यह मैच रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बन गया है।

इस मुकाबले में भारत के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या कोर खिलाड़ियों को आराम दिया जाए या फिर लय बनाए रखने के लिए वही संयोजन उतारा जाए? चूंकि सुपर-8 में भारत का अगला मुकाबला इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होना है, इसलिए टीम संतुलन बनाकर चलना चाहेगी। यहां हम बात करेंगे कि

ओपनिंग कॉम्बिनेशन पर नजर

ओपनिंग स्लॉट पर सबकी निगाहें टिकी हैं। विश्व के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का मौजूदा वर्ल्ड कप अब तक उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। दो मैचों में दो बार शून्य पर आउट होने के बाद उनकी फॉर्म पर सवाल जरूर उठे हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें नीदरलैंड के खिलाफ मौका देकर आत्मविश्वास लौटाने की कोशिश कर सकता है, ताकि सुपर-8 में वे पूरी तैयारी के साथ उतर सकें।

दूसरी ओर, ईशान किशन ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। खासकर पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 77 रनों की तूफानी पारी ने अब हर मुकाबले में उनकी जगह लगभग पक्की कर दी है। बल्लेबाजी में ईशान भारत का आधार बन चुके हैं, ऐसे में मैनेजमेंट उन्हें इस मैच में आराम देकर सुपर-8 के लिए तरोताजा रखना चाहेगा। उनकी जगह संजू सैमसन को प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है।

संजू हाल के महीनों में फॉर्म से जूझते रहे हैं, लेकिन वर्ल्ड कप में नामीबिया के खिलाफ मिले मौके में उन्होंने छोटी मगर प्रभावशाली पारी(8 गेंद पर 22 रन) खेलकर संकेत दे दिए थे कि वे किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।

मिडिल ऑर्डर रहेगा स्थिर !

मिडिल ऑर्डर में तिलक वर्मा, कप्तान सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाजों को निरंतरता देने के लिए खिलाया जा सकता है। यह खिलाड़ी न सिर्फ मैच विनर हैं, बल्कि बड़े मुकाबलों में अनुभव भी रखते हैं। ऐसे में इनका खेलना लगभग तय माना जा रहा है।

ऑलराउंडर्स में हो सकता है फेरबदल

ऑलराउंड विभाग में बदलाव की पूरी संभावना है। हार्दिक पंड्या ने इस टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया है, लेकिन उनके चोटों के इतिहास को देखते हुए वर्कलोड मैनेजमेंट अहम हो जाता है। नीदरलैंड के खिलाफ उन्हें आराम देकर मोहम्मद सिराज जैसे अतिरिक्त तेज गेंदबाज को मौका दिया जा सकता है। बता दें कि सिराज ने टूर्नामेंट के पहले मुकाबले (IND vs USA) में 3 विकेट चटका कर टी20 अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा कमबैक किया है।

इसी तरह, उपकप्तान और स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को अगर रेस्ट दिया जाता है तो उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग XI में शामिल किया जा सकता है। सुंदर हाल ही में चोट से उबरकर लौटे हैं और उन्हें मैच प्रैक्टिस देना टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।

बुमराह को आराम, अर्शदीप की वापसी संभव

वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत जसप्रीत बुमराह को इस मुकाबले में आराम मिलना लगभग तय माना जा रहा है। बुमराह हर फॉर्मेट में भारत के लिए अहम भूमिका निभाते हैं और सुपर-8 व आगे के नॉकआउट मुकाबलों के लिए उनका फिट रहना बेहद जरूरी है। उनकी जगह अर्शदीप सिंह की वापसी हो सकती है, जिन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में बेंच पर बैठना पड़ा था।

नीदरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन / संजू सैमसन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या / मोहम्मद सिराज, शिवम दुबे, अक्षर पटेल / वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह / अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव

नीदरलैंड के खिलाफ यह मुकाबला भारत के लिए जीत से ज्यादा तैयारी और प्रयोग का अवसर है। सुपर-8 और संभावित फाइनल को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट का फोकस अपने कोर खिलाड़ियों को तरोताजा रखने और बेंच स्ट्रेंथ को आजमाने पर रहेगा। अहमदाबाद में यह मैच भारत की गहराई और संतुलन की असली परीक्षा साबित हो सकता है।