Gold and Silver Prices: MCX में रिकॉर्ड गिरावट, चांदी ₹67,000 टूटी, सोना भी फिसला

0
0

Gold and Silver Prices: कीमती धातुओं के बाजार में शुक्रवार को जबरदस्त झटका देखने को मिला। सोना और चांदी, जो हाल के दिनों में रिकॉर्ड स्तर छू रहे थे, अचानक भारी दबाव में आ गए। वायदा कारोबार में दोनों धातुओं ने कई महीनों की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट दर्ज की, जिससे निवेशकों और ट्रेडर्स के बीच हलचल मच गई।

मुनाफावसूली ने बिगाड़ा समीकरण

विशेषज्ञों के अनुसार, ऊंचे दामों पर निवेशकों की आक्रामक मुनाफावसूली इस गिरावट की बड़ी वजह रही। हालिया तेजी के बाद कई ट्रेडर्स ने अपने सौदे काटे, जिससे बाजार में बिकवाली बढ़ी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से भी सोना-चांदी की कीमतों पर दबाव बढ़ा।

चांदी में ऐतिहासिक गिरावट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी में सबसे तेज झटका लगा। इसका भाव करीब 67,891 रुपये टूटकर 3,32,002 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया, जो लगभग 17% की गिरावट है। एक दिन पहले ही चांदी रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंची थी, लेकिन अचानक आई बिकवाली ने पूरे ट्रेंड को पलट दिया। बता दें कि इससे पहले, गुरुवार (29 जनवरी) को चांदी करीब 9% की तेजी के साथ 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी, हालांकि बाद में 3,99,893 रुपये पर बंद हुई थी।

सोना भी नहीं बचा

सोना भी इस दबाव से अछूता नहीं रहा। MCX पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना 15,246 रुपये फिसलकर 1,54,157 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यह करीब 9% की गिरावट है। इससे पहले सोना भी रिकॉर्ड ऊंचाई के पास कारोबार कर रहा था, लेकिन वैश्विक संकेत कमजोर पड़ते ही बिकवाली बढ़ गई। बता दें कि इससे पहले, गुरुवार को सोना करीब 9 प्रतिशत बढ़कर 1,80,779 रुपये प्रति तोला (10 ग्राम) के पर पहुंचा था, जो कि नया रिकॉर्ड हाई था. हालांकि बाद में 1,69,403 रुपये पर बंद हुआ था।

आगे क्या?

बाजार जानकारों का कहना है कि फिलहाल यह गिरावट एक तकनीकी करेक्शन की तरह दिख रही है। अगर वैश्विक आर्थिक संकेत, खासकर अमेरिकी ब्याज दरों और डॉलर इंडेक्स में बदलाव आते हैं, तो सोना-चांदी में फिर से अस्थिरता बनी रह सकती है। निवेशकों को इस समय सतर्क रणनीति अपनाने और जोखिम प्रबंधन पर ध्यान देने की सलाह दी जा रही है।