गोवा अग्निकांड में नया मोड़: थाईलैंड में लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, इंटरपोल नोटिस के बाद कार्रवाई

0
0
गोवा अग्निकांड में नया मोड़: थाईलैंड में लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, इंटरपोल नोटिस के बाद कार्रवाई
गोवा अग्निकांड में नया मोड़: थाईलैंड में लूथरा ब्रदर्स हिरासत में, इंटरपोल नोटिस के बाद कार्रवाई

गोवा के चर्चित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब अग्निकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को थाईलैंड में हिरासत में लिए जाने की खबर आई है। हालांकि अधिकारियों की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, इंटरपोल द्वारा लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद यह कार्रवाई हुई है। इससे पहले विदेश मंत्रालय उनके पासपोर्ट निलंबित कर चुका है।

जमानत सुनवाई में वकील ने दी दलीलें

बुधवार (10 दिसंबर 2025) को ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिकाओं पर हुई सुनवाई में लूथरा ब्रदर्स के वकील ने उन पर लगे आरोपों को नकारते हुए कहा कि उनके क्लाइंट देश से भागे नहीं, बल्कि एक व्यावसायिक बैठक के लिए थाईलैंड गए थे। वकील का कहना था कि उन पर किसी भी तरह की प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष जिम्मेदारी नहीं बनती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके अन्य प्रतिष्ठान ध्वस्त कर दिए गए हैं और अधिकारी तथा मीडिया लगातार उन्हें निशाना बना रहे हैं।

गोवा पुलिस ने जताई आपत्ति, कोर्ट ने मांगा जवाब

वहीं, गोवा पुलिस की ओर से पेश वकील ने अंतरिम संरक्षण का विरोध किया। उनका कहना था कि लूथरा भाइयों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हैं और घटना के तुरंत बाद वे फरार हो गए। पुलिस ने अदालत को बताया कि 8 दिसंबर को जब टीम जांच के लिए उनके निवास पर पहुंची, तो परिवार ने कोई जानकारी देने से मना कर दिया। इसके बाद अदालत ने राज्य सरकार को जमानत याचिकाओं पर जवाब दाखिल करने का आदेश दिया।

आज फिर होगी जमानत याचिका पर सुनवाई

रोहिणी जिला अदालत की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश वंदना ने गोवा पुलिस से विस्तृत जवाब तलब किया है। ट्रांजिट अग्रिम जमानत पर अगली सुनवाई गुरुवार (11 दिसंबर 2025) तय की गई है। जानकारी के मुताबिक, अग्निकांड की रात जब बचाव कार्य चल रहा था, उसी समय लूथरा ब्रदर्स ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट बुक किए और अगली सुबह देश छोड़ दिया। तब से दोनों की लोकेशन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी।