छठ पूजा की पावन शुरुआत के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। चार दिवसीय महापर्व ‘छठ’ आज से नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो गया है। यह पर्व सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आभार का एक अद्भुत प्रतीक माना जाता है, जो विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देशभर में अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शुभकामना संदेश साझा करते हुए कहा कि छठ महापर्व सादगी, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पर्व पर छठ घाटों पर दिखने वाला पारिवारिक और सामाजिक सद्भाव अद्भुत प्रेरणा देता है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा के गीत भी साझा किए और बताया कि वे शुक्रवार को बेगूसराय में थे, जहां से शारदा सिन्हा का गहरा आत्मीय रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोक कलाकारों ने अपने भावपूर्ण गीतों से छठ महापर्व को और भी जीवंत और आत्मीय स्वरूप दिया है।
मोदी ने आगे कहा कि आज विश्व के कोने-कोने में बसे भारतीय परिवार छठ को सांस्कृतिक महाउत्सव के रूप में मना रहे हैं और इसकी परंपराओं को गर्व के साथ आत्मसात कर रहे हैं। उन्होंने कामना की कि छठी मइया सभी भक्तों पर कृपा और आशीर्वाद बरसाएं।
प्रधानमंत्री ने इस पर्व की आध्यात्मिक और प्रकृति-सम्मत विशेषता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ में अस्ताचलगामी और उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के साथ प्रसाद में भी प्रकृति के विविध रंग समाहित होते हैं, जो जीवन, ऊर्जा और संतुलन का प्रतीक हैं।









