AAP ने पंजाब राज्यसभा उपचुनाव के लिए बिजनेसमैन राजिंदर गुप्ता को उम्मीदवार बनाया, केजरीवाल का नाम अटकलों में ही रह गया

0
0
AAP ने पंजाब राज्यसभा उपचुनाव के लिए बिजनेसमैन राजिंदर गुप्ता को उम्मीदवार बनाया
AAP ने पंजाब राज्यसभा उपचुनाव के लिए बिजनेसमैन राजिंदर गुप्ता को उम्मीदवार बनाया

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब से होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। यह उपचुनाव 24 अक्टूबर को प्रस्तावित है। पार्टी का यह कदम राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे वह राज्य में अपनी पकड़ और गहरी करने की कोशिश कर रही है। जानकारी के अनुसार, गुप्ता 6 अक्टूबर (सोमवार) को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

कौन हैं राजिंदर गुप्ता?

राजिंदर गुप्ता अब तक पंजाब इकोनॉमिक पॉलिसी एंड प्लानिंग बोर्ड के वाइस चेयरमैन पद पर कार्यरत थे। राज्यसभा का नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया है। वे ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक और सीईओ हैं। इस सीट पर वे संजीव अरोड़ा की जगह ले रहे हैं, जिन्होंने हाल ही में इस्तीफा दिया था।

AAP के सूत्रों के अनुसार, गुप्ता एक प्रतिष्ठित पंजाबी उद्योगपति और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र हैं। उनके नेतृत्व में ट्राइडेंट ग्रुप ने भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लाखों लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान किए हैं।

केजरीवाल का नाम रहा चर्चा में

इस सीट को लेकर पहले अरविंद केजरीवाल के नाम की भी अटकलें तेज थीं, लेकिन पार्टी ने स्पष्ट कर दिया कि राज्यसभा का उम्मीदवार पंजाब से ही होगा। पार्टी का कहना है कि राजिंदर गुप्ता को राज्य और देश के आर्थिक विकास में उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए चुना गया है।

यह सीट संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। अरोड़ा ने हाल ही में लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव में 10,637 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी और उन्हें कुल 35,179 वोट मिले थे। वे वर्तमान में पंजाब सरकार में उद्योग मंत्री हैं।

नामांकन की प्रक्रिया चंडीगढ़ स्थित पंजाब विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में पूरी की जाएगी। इससे पहले इस पद के लिए कमल ओसवाल का नाम भी चर्चा में था। पार्टी का मानना है कि गुप्ता की नियुक्ति से पंजाब की औद्योगिक छवि और राजनीतिक प्रभाव दोनों को बल मिलेगा।