Bihar News: CM नीतीश कुमार ने किया ‘महिला संवाद’ का शुभारंभ, महिला संवाद जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

0
14
महिला संवाद की शुरुआत करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 70 हजार गांवों में कार्यक्रम
महिला संवाद की शुरुआत करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 70 हजार गांवों में कार्यक्रम

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार (18 अप्रैल 2025) को पटना स्थित एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस राज्यव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य है महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याओं को सुनना और उन्हें नीति निर्माण में शामिल करना।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संबोधित पत्र का विमोचन किया और जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद करेंगे और योजनाओं की जानकारी देंगे।

70 हजार गांव, 2 करोड़ महिलाएं, 600 जागरूकता वाहन

इस अभियान के अंतर्गत बिहार के सभी 70,000 गांवों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 2 करोड़ महिलाएं भाग लेंगी। प्रत्येक स्थान पर जागरूकता वाहन पहुंचेगा, जिसमें बड़े टीवी स्क्रीन पर सरकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी वीडियो फिल्में दिखाई जाएंगी।

Untitled design 2025 04 18T153734.940

इन वाहनों की ब्रांडिंग ऐसी की गई है जिससे आम जनता भी इनकी गतिविधियों के माध्यम से महिला कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक हो सके।

गांव-गांव में सुनवाई और समाधान

महिला संवाद कार्यक्रम केवल सूचना का आदान-प्रदान नहीं बल्कि एक्शन ओरिएंटेड प्लान है। कार्यक्रम में प्रत्येक गांव की महिलाओं से सुझाव और समस्याएं संकलित की जाएंगी।

  • प्रखंड इकाइयों से ये सुझाव जिला इकाइयों तक भेजे जाएंगे।
  • जो समस्याएं जिला स्तर पर हल की जा सकती हैं, उनके लिए तत्काल कार्रवाई होगी।
  • विभागीय और नीतिगत अपेक्षाओं को सरकार तक भेजा जाएगा।

वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में होगा संवाद

प्रत्येक आयोजन में संबंधित वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो समस्याओं को सुनेंगे और मौके पर ही उनके समाधान की कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री ने इसे प्रगति यात्रा का विस्तार बताया, जिसमें जिलों के हर गांव की वास्तविक स्थिति और आवश्यकताओं को सीधे जानने की व्यवस्था की गई है।

फिल्म और प्रस्तुति से हुआ उद्घाटन

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने महिला संवाद पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्यमंत्री को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस मौके पर महिला संवाद पर आधारित एक विशेष वीडियो फिल्म भी प्रस्तुत की गई।

Untitled design 2025 04 18T153751.380

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख हस्तियां

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे।