पीएम मोदी ने जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची को दी बधाई

0
0
पीएम मोदी ने जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची को दी बधाई
पीएम मोदी ने जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची को दी बधाई

जापान की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष साने ताकाइची को मंगलवार, 21 अक्टूबर को जापानी संसद ने प्रधानमंत्री चुना। ताकाइची का पीएम पद पर चयन ऐतिहासिक है, क्योंकि वह जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनी हैं। वह शिगेरु इशिबा की जगह लेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साने ताकाइची को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि वह भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “साने ताकाइची, जापान के प्रधान मंत्री के रूप में आपके चुनाव पर हार्दिक बधाई। मैं भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए आपके साथ काम करने को उत्सुक हूं। हमारे गहरे संबंध पूरे हिंद-प्रशांत और उससे आगे शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण हैं।”

ताकाइची ने पहले ही राउंड में जीत दर्ज की

क्योदो न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, साने ताकाइची ने जापान की संसद के निचले सदन में पहले ही वोटिंग राउंड में बहुमत हासिल कर लिया। उन्होंने जापान की कॉन्स्टिट्यूशनल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता योशीहिको नोडा के 149 वोटों के मुकाबले 237 वोट प्राप्त किए। आधिकारिक जापानी न्यूज एजेंसी ने भी पुष्टि की है कि 64 वर्षीय ताकाइची ने कुल 465 मतों में से 237 वोट हासिल किए।

नए प्रधानमंत्री के सामने चुनौतियां

नए प्रधानमंत्री के रूप में साने ताकाइची के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। उन्हें जापान की सुस्त अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना है और साथ ही अपनी सत्तारूढ़ पार्टी को एकजुट करना है, जो घोटालों और आंतरिक कलह के कारण परेशान रही है। साने ताकाइची का पीएम चुना जाना न केवल जापान के लिए बल्कि एशिया और अंतरराष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।