Israel Iran News: क्या थमेगी जंग? ईरानी विदेश मंत्री की सीजफायर पेशकश से बदलेगा पूरा खेल!

0
6
क्या थमेगी जंग?
क्या थमेगी जंग?

इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान ने सीजफायर की पेशकश करते हुए कहा है कि अगर इजरायल हमले रोक देता है, तो ईरान भी प्रतिक्रिया देना बंद कर देगा। यह बात ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अंतरराष्ट्रीय राजनयिकों के साथ बैठक में कही।

अराघची ने स्पष्ट किया कि ईरान की ओर से दिया गया जवाब आत्मरक्षा में है और पूरी तरह वैध है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य आक्रामकता नहीं, बल्कि आत्म-सुरक्षा है। अगर हम पर हमले बंद हो जाते हैं, तो हमारी जवाबी कार्रवाई भी रुक जाएगी।”

ईरान ने दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, 10 नागरिकों की मौत

14 और 15 जून की दरम्यानी रात को ईरान ने इजरायल की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिनमें से कई ने सैन्य ठिकानों के साथ नागरिक इलाकों को भी नुकसान पहुंचाया। इन हमलों में रिपोर्ट के मुताबिक कम से कम 10 इजरायली नागरिकों की जान गई है। यह हमला अब तक ईरान की सबसे तीव्र सैन्य प्रतिक्रिया मानी जा रही है।

अराघची का आरोप: फारस की खाड़ी को खींचना एक रणनीतिक भूल

ईरानी विदेश मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि इजरायल ने जानबूझकर ईरान-कतर के बीच स्थित गैस क्षेत्र को निशाना बनाया। उन्होंने इसे खतरनाक बताया और चेताया कि फारस की खाड़ी में संघर्ष फैलाना वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए गंभीर संकट बन सकता है। उल्लेखनीय है कि यह क्षेत्र दक्षिण पारस फील्ड कहलाता है, जो दुनिया के सबसे बड़े गैस भंडारों में से एक है।

परमाणु वार्ता को पटरी से उतारने की साजिश?

अराघची ने यह भी कहा कि इजरायल का असली मकसद ईरान और अमेरिका के बीच चल रही परमाणु वार्ताओं को रोकना है। उन्होंने बताया कि रविवार को वार्ता का छठा चरण शुरू होना था, लेकिन ताजा तनाव के चलते वह स्थगित हो गया है। अमेरिका का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि इजरायल के हमले अंतरराष्ट्रीय समर्थन के बिना नहीं होते। यदि अमेरिका भरोसा चाहता है, तो उसे इन हमलों की खुलकर निंदा करनी चाहिए।