सिक्किम सीमा विवाद पर भारत के अडिग रवैये से जहां चीन परेशान है, वहीं अब अमेरिका के बयानबाजी और मीडिया रिपोर्टों से चीन बौखला गया है। चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने कहा है कि भारत और चीन के सीमा विवाद पर अमेरिका समेत कई देश सीधा हस्तक्षेप कर रहे हैं। चीनी अखबार का कहना है कि अमेरिकी अखबार वॉशिंगटन एग्जामिनर में अमेरिका को सलाह दी गई है कि वह चीन से निपटने के लिए भारत की मदद करे। साथ ही इसमें भारत और अमेरिका को एक दोस्त और चीन को एक दुश्मन के तौर पर दिखाया गया है। चीन ने यह भी आरोप लगाया है कि इस अखबार में छपे लेख के अनुसार अमेरिका को भारत का पक्ष लेने और दुनिया को चीन के खिलाफ एकजुट करने की सलाह दी गई है।

इस लेख का हवाला देकर चीन अमेरिका पर भारत-चीन के बीच युद्ध करवाने का आरोप लगा रहा है। चीन के मुताबिक अमेरिका कभी भी निष्पक्ष तौर से खड़ा नहीं होता, वो हमेशा अपना रणनीतिक और आर्थिक लाभ देखता है। उसने आज तक किसी भी देश के लिए निष्पक्ष रवैया नहीं अपनाया है और न ही किसी दो देशों के बीच का झगड़ा शांत कराने की कोशिश की है। अमेरिका इसी नीति को दक्षिण चीन सागर पर लागू कर रहा है और अब वह भारत-चीन सीमा विवाद पर भी हस्तक्षेप करने लगा है।

बता दें कि चीनी मीडिया डोकलाम विवाद पर लगातार भारत के लिए जहर उगलता रहा है। पूरी दुनिया का भारत के साथ खड़ा देख वो और भी बौखला गया है। वह अपनी मीडिया का इस्तेमाल करके भारत को तो धमकी दे ही रहा था। लेकिन अब अपने मीडिया का इस्तेमाल वह विश्व पटल पर भी करने लगा है और सभी देशों को अप्रत्य़क्ष रूप से भारत-चीन विवाद के बीच न आने को कहा है। अमेरिका पर आरोप मढ़ते हुए चीनी मीडिया ने यह भी कहा कि करीब 50 वर्ष पहले भी भारत और चीन के बीच सीमा विवाद के पीछे अमेरिका और सोवियत संघ का हाथ था। नई दिल्ली को उस नुकसान से सबक लेना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here