Muhammad Waseem: क्रिकेट में जब बात आती है छक्कों की बरसात की, तो आमतौर पर दिमाग में नाम आते हैं भारत के हिटमैन रोहित शर्मा, ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल या भारत के मिस्टर 360 सूर्यकुमार यादव का। लेकिन एशिया कप से पहले अब एक ऐसा बल्लेबाज तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है, जिसने छक्कों के मामले में दिग्गजों को चुनौती देनी शुरू कर दी है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का कप्तान और धाकड़ ओपनर मुहम्मद वसीम है।
रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड और वसीम की चुनौती
टी20आई से रिटायर हो चुके रोहित शर्मा के नाम फिलहाल इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा छक्के (205) लगाने का रिकॉर्ड है। यह आंकड़ा उन्हें विश्व क्रिकेट में एक अलग ऊंचाई पर खड़ा करता है। लेकिन अब मुहम्मद वसीम सिर्फ कुछ ही कदम पीछे हैं।
साल 2021 में UAE के लिए डेब्यू करने वाले वसीम ने अब तक 82 मैचों में 180 छक्के जड़ दिए हैं। यानी महज चार साल के भीतर ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्के लगाने के मामले में एक ऐसी पोजीशन बना ली है, जहां से वे सीधे रोहित शर्मा के रिकॉर्ड को टारगेट कर रहे हैं। बता दें कि टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक छक्के मारने के मामले में रोहित के बाद लिस्ट में वासीम का ही नाम आता है, जबकि
वसीम के आंकड़े बताते हैं कहानी
- मैच: 82
- पारी: 82
- रन: 2922
- सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 112
- औसत: 37.94
- स्ट्राइक रेट: 155.67
- शतक: 3, अर्धशतक: 23
- चौके: 234
- छक्के: 180
इन आंकड़ों से साफ जाहिर है कि मुहम्मद वसीम सिर्फ UAE ही नहीं, बल्कि ग्लोबल क्रिकेट में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उनका करियर स्ट्राइक रेट 155+ है, जो बताता है कि वे हर पारी में गेंदबाजों पर अटैक करने का इरादा लेकर उतरते हैं।
एशिया कप में कप्तान के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी
एशिया कप 2025 में वसीम UAE की टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनके कंधों पर न सिर्फ कप्तानी का दबाव है, बल्कि टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज होने का जिम्मा भी उन्हीं के पास है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने UAE को कई बार शानदार शुरुआत दिलाई है और अब इस बड़े टूर्नामेंट में भी उनसे ऐसी ही विस्फोटक बल्लेबाजी की उम्मीद की जा रही है।
रोहित, मैक्सवेल और सूर्या से अलग अंदाज
जहां रोहित शर्मा अपनी क्लासिकल टाइमिंग और शॉट सिलेक्शन से छक्के लगाते हैं, वहीं मैक्सवेल अपने अनऑर्थोडॉक्स शॉट्स और पावर-हिटिंग के लिए मशहूर हैं। सूर्यकुमार यादव 360 डिग्री क्रिकेट से रन बटोरते हैं। लेकिन मुहम्मद वसीम का अंदाज इन सबसे अलग है। वे पावर और हैंड-आई कोऑर्डिनेशन पर भरोसा करते हैं और गेंद को सीधा स्टैंड्स में भेजने में माहिर हैं।
क्या टूटेगा रोहित का रिकॉर्ड?
रोहित शर्मा के 205 छक्कों तक पहुंचने के लिए वसीम को अभी 26 छक्कों की जरूरत है। उनके मौजूदा फॉर्म और स्ट्राइक रेट को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले महीनों में वसीम इस रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं।
अगर एशिया कप में उनका बल्ला चला तो रोहित का रिकॉर्ड खतरे में पड़ सकता है। और यह बात तय है कि अगर वसीम यह उपलब्धि हासिल करते हैं तो वे UAE क्रिकेट को एक नई पहचान देंगे।
क्रिकेट जगत इस समय मुहम्मद वसीम पर नजरें टिकाए हुए है। रोहित शर्मा जैसे दिग्गज को चुनौती देना आसान नहीं है, लेकिन वसीम के आंकड़े और उनका खेल साबित करता है कि वे इस रिकॉर्ड को तोड़ने की काबिलियत रखते हैं। एशिया कप 2025 उनके लिए बड़ा मंच है और अगर यहां उनका बल्ला बोला तो वे दुनिया को यह दिखा देंगे कि क्रिकेट सिर्फ बड़ी टीमों का खेल नहीं, बल्कि छोटे देशों से भी सुपरस्टार पैदा हो सकते हैं।