आम आदमी पार्टी का आज जन्मदिन है। आज ही के दिन छह साल पहले अरविंद केजरीवाल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी के नाम से नई पार्टी की घोषणा की थी। अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों ने आम आदमी पार्टी का गठन किया। तब अरविंद का साथ देने वालों में शांति भूषण, प्रशांत भूषण, मनीष सिसोदिया, कुमार विश्वास, योगेंद्र यादव, शाजिया इल्मी, किरण बेदी जैसे लोग शामिल थे।

मगर वक्त बीतने के साथ उनमें से ज्यादातर अब इस पार्टी का हिस्सा नहीं हैं। इस साल अगस्त में पार्टी के दो मुख्य चेहरे पूर्व पत्रकार आशुतोष गुप्ता और आशीष खेतान ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अब हालत ये है 6 साल पहले अस्तित्व में आई इस पार्टी की पहली कोर कमिटी के 23 सदस्यों में से सिर्फ 5 ही बचे हैं जबकि 30 से ज्यादा बड़े नेता या तो पार्टी छोड़ चुके है या फिर निकाल दिए गए हैं।

aap

पार्टी की पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 23 लोग थे जिनमें अरविंद केजरीवाल, योगेंद्र यादव, अजीत झा, प्रशांत भूषण, शांति भूषण, किरण बेदी, संतोष हेगड़े, मनीष सिसोदिया, गोपाल राय, संजय सिंह, कुमार विश्वास, नवीन जय हिंद, दिनेश वाघेला, क्रिस्टीना सैमी, आनंद कुमार, इलियास आज़मी, शाजिया इल्मी, योगेश दहिया, एमबीएन पन्निकर, अशोक अग्रवाल, मयंक गांधी, राकेश सिन्हा जैसे लोग शामिल किए गए थे। हालांकि अब पुराने लोगों में से मुश्किल से पांच लोग ही पार्टी में बाकी हैं।

पार्टी के बड़े चेहरों में से एक कुमार विश्वास आए दिन ‘आप’ को लेकर उनके तंजिया ट्वीट करते रहते है जो अक्सर सुर्खियां में रहते है। पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण, बेंगलुरु से चुनाव लड़नेवाले बिजनसमैन और एयर डेक्कन के संस्थापक कैप्टन गोपीनाथ, सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमनिया, जेएनयू के प्रोफेसर रहे आंनद कुमार, शाजिया इल्मी, मयंक गांधी, पार्टी की फाउंडर रही मधु भादूरी, पार्टी के पहले कार्यकाल में विधानसभा अध्यक्ष रहे एमएस धीर, सामाजिक कार्यकर्ता और विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े एसपी उदयकुमार ने ‘आप’ का साथ छोड़ दिया था।

Gopal Rai kejriwal

सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को निकाले जाने से नाराज़ होकर इस्तीफा दिया था। आने वाले दिनों में ‘आप’ से कुछ और लोग किनारा कर सकते है। माना जा रहा है कुमार विश्वास, देवेंद्र सहरावत, डॉ. राजमोहन गांधी, सुखपाल खैरा, धर्मवीर गांधी, मीरा सान्याल, गुल पनाग जैसे कई नेताओं को हाशिए पर डाल रखा है। न तो केजरीवाल अब इनकी कोई सलाह मानते हैं और न ही किसी मसले पर इनसे राय मांगी जाती है।

केजरीवाल ने आप कार्यकर्ताओं को ट्वीट कर दी बधाई

पार्टी के छह साल होने पर पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज आप कार्यकर्ताओं की ट्वीट कर बधाई दी। केजरीवाल ट्वीट कर कहा – कि ‘छह साल पहले आज ही के दिन आम आदमी पार्टी की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। नि:स्वार्थ भाव से काम करने वाले लाखों कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के दम पर तमाम बाधाओं के बावजूद भारत को भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता और जातिवाद के जहर से मुक्त कराने की दिशा में यह राजनीतिक क्रांति आगे बढ़ रही है।

आम आदमी पार्टी के जन्म दिवस के अवसर पर गर्व से कहो कि हम आपिए हैं। आप में होना आपको लगातार देश के प्रति आपकी ज़िम्मेदारी का एहसास दिलाता है। यदि आप ‘आप’ में हैं, तो इसका मतलब आपने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया।’