By: सर्वजीत सोनी | Edited By: उमेश चंद्र
महाराष्ट्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी सदानंद दाते को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। वह मौजूदा डीजीपी रश्मि शुक्ला की जगह लेंगे, जो 3 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रही हैं। इस नियुक्ति के साथ ही महाराष्ट्र पुलिस को एक ऐसा नेतृत्व मिला है, जिसकी पहचान साहस, अनुशासन और अनुभव से जुड़ी रही है।
NIA से लौटकर राज्य की जिम्मेदारी, दो साल का होगा कार्यकाल
राज्य के गृह विभाग ने बुधवार को आधिकारिक आदेश जारी कर सदानंद दाते को पुलिस बल का प्रमुख नियुक्त किया। दाते का कार्यकाल दो वर्ष का होगा। हाल ही में वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे और केंद्र से वापस महाराष्ट्र कैडर में लौटे थे। 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी दाते, रश्मि शुक्ला के बाद राज्य के सबसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी माने जाते हैं।
26/11 हमलों में घायल होने के बावजूद नहीं छोड़ी ड्यूटी, मिला राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक
सदानंद दाते का नाम देशभर में 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान साहसिक भूमिका निभाने वाले अधिकारियों में प्रमुखता से लिया जाता है। आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन उन्होंने ड्यूटी नहीं छोड़ी। उनकी इस बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया था। इसी घटना ने उन्हें एक जमीनी और निडर अधिकारी के रूप में स्थापित किया।
ATS, CBI और CRPF में निभाई अहम भूमिका
अपने तीन दशक से अधिक लंबे करियर में दाते ने कई महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण पदों पर काम किया है। वह महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) के प्रमुख रहे हैं और आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में डीआईजी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में महानिरीक्षक (ऑपरेशन) और मीरा-भायंदर तथा वसई-विरार जैसे संवेदनशील शहरी क्षेत्रों में पुलिस आयुक्त के रूप में सेवाएं दी हैं।
जांच प्रणाली में सुधार के पक्षधर अधिकारी
प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ सदानंद दाते की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से आर्थिक अपराधों पर डॉक्टरेट (PhD) प्राप्त की है। संगठित अपराध, आर्थिक अपराध और जांच प्रणाली में सुधार को लेकर उनकी सोच हमेशा स्पष्ट और सख्त रही है।
अब संभालेंगे महाराष्ट्र पुलिस की कमान
महाराष्ट्र पुलिस को ऐसे समय में नया प्रमुख मिला है, जब राज्य को साइबर क्राइम, ड्रग्स नेटवर्क, संगठित अपराध और आंतरिक सुरक्षा जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सदानंद दाते के नेतृत्व में महाराष्ट्र पुलिस को एक मजबूत, अनुशासित और आधुनिक दिशा मिलेगी।









