दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटिंग समाप्त हो चुकी है और अब नतीजों का इंतजार है। 8 फरवरी को दिल्ली चुनाव के परिणामों की मतगणना होगी। सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। 70 विधानसभा क्षेत्रों में डाले गए वोटों की गणना के लिए 11 जिलों में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। इस बार दिल्ली चुनाव खास महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि बीजेपी, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने जनता से कई आकर्षक वादे किए हैं। अब इन वादों का कितना असर हुआ है, इसका पता कल ही चलेगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों को आप कहां, कब और कैसे देख सकते हैं, आइए जानते हैं।
दिल्ली चुनाव के तेज, सटीक और लाइव नतीजे कहां देखें?
दिल्ली चुनाव के नतीजों की गिनती शनिवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले बैलेट पेपर से वोटों की गिनती की जाएगी। इसके बाद ईवीएम मशीन से डाले गए वोटों की गिनती शुरू होगी। दोपहर 12 बजे तक परिणाम की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। चुनाव आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट eci.gov.in और विशेष रिजल्ट पोर्टल results.eci.gov.in पर लाइव नतीजे देखे जा सकते हैं।
दिल्ली में 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं
70 विधानसभा क्षेत्रों में डाले गए वोटों की गणना के लिए दिल्ली के 11 जिलों में कुल 19 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। नॉर्थ दिल्ली के 8 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2, नॉर्थ-ईस्ट के 5 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2, नई दिल्ली के 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 3 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। शाहदरा और साउथ दिल्ली जिलों के 5-5 विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक मतगणना केंद्र बनाया गया है। इन 19 स्ट्रांग रूम में ईवीएम और वीवीपैट सुरक्षित रखी गई हैं।
दिल्ली पुलिस ने बनाई स्पेशल टीम
दिल्ली पुलिस ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया है, जिसकी जिम्मेदारी एक एडिशनल DCP स्तर के अधिकारी के तहत होगी। नॉर्थ-ईस्ट और नई दिल्ली जिलों में तीन-तीन स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं। हर स्ट्रांग रूम में थ्री-टियर सिक्योरिटी सिस्टम लगाया गया है। दो कंपनियों के अर्धसैनिक बलों को भीतर तैनात किया गया है और बाहरी घेरे में दिल्ली पुलिस के जवानों द्वारा निगरानी की जा रही है। यह सुरक्षा व्यवस्था 24 घंटे जारी रहेगी। इसके अलावा, स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए 350 से ज्यादा CCTV कैमरे भी लगाए गए हैं। मतदान समाप्त होने के बाद, चुनाव अधिकारियों ने ईवीएम कंट्रोल यूनिट के बटन को सील कर दिया और उन्हें शाम को स्ट्रांग रूम में भेज दिया।